राशन कार्ड नहीं है? सीतामढ़ी के बाजपट्टी में बनेंगे नए कार्ड, पूर्व में बने आवासीय प्रमाण पत्र भी मान्य
सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड में राज्य सरकार के विशेष अभियान के तहत 2945 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। पात्र परिवारों को प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन जमा करना होगा।

जनप्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए बीडीओ वरुण केतन। जागरण
संवाद सूत्र, बाजपट्टी (सीतामढ़ी)। राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार के विशेष अभियान के तहत बाजपट्टी प्रखंड की 19 पंचायतों में 2945 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है और पात्र लाभुकों से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों को दी गई जानका
प्रखंड कार्यालय स्थित बीडीओ कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारी वरुण केतन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की।
ऑफलाइन जमा करना होगा आवेदन
बैठक में बीडीओ वरुण केतन ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र लाभुकों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक परिवारों को ऑफलाइन आवेदन प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में जमा करना होगा। सभी आवेदन की जांच के बाद पात्र लोगों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आवेदन के साथ जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, यदि पहले से बने हैं, तो वे मान्य होंगे। वहीं आय प्रमाण पत्र एक वर्ष के भीतर जारी हुआ होना चाहिए। इसके अलावा आवेदक परिवार की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम होना अनिवार्य है। सभी दस्तावेजों की जांच के बाद ही राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।
पात्र परिवारों को मिले योजना का लाभ
अभिषेक कुमार ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक योजना की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य परिवार को राशन कार्ड से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है।
विशेष अभियान से बढ़ी उम्मीद
राज्य सरकार पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में बाजपट्टी प्रखंड में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। बैठक में मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश कुमार दास, अनुज कुमार, ललित कापड़, फ़ैज़ अहमद फ़ैज़, सुरेंद्र पासवान, मुखिया प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह, दिलीप कुमार, सतीश कुंवर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
