नेपाल की बारिश से उफनाईं नदियां, सीतामढ़ी में सड़कों पर डेढ़ फीट पानी
नेपाल के तराई क्षेत्र में हुई बारिश के कारण सीतामढ़ी के परिहार प्रखंड से गुजरने वाली मरहा और हरदी नदियों ...और पढ़ें

स्कूल के पास सड़क पर फैला नदी का पानी। फोटो-सौजन्य ग्रामीण
HighLights
नेपाल की बारिश से मरहा और हरदी नदियों का जलस्तर बढ़ा।
सड़कों पर डेढ़ फीट पानी, स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी।
खेतों में पानी फैलने से फसलों को नुकसान की आशंका, किसान चिंतित।
जागरण संवाददाता, (परिहार) सीतामढ़ी। नेपाल के तराई क्षेत्र में हुई बारिश का असर एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों में दिखने लगा है। शुक्रवार को परिहार प्रखंड से गुजरने वाली मरहा और हरदी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
नदी का पानी सरेह से निकलकर सड़कों तक पहुंच गया। लहुरिया मध्य विद्यालय के समीप सड़क पर करीब डेढ़ फीट पानी बहने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं, लहुरिया-लालबंदी मुख्य सड़क पर मदरसा के सामने करीब एक फीट पानी बह रहा है।
सरेह में फैला नदी का पानी
नदी के उफान से लहुरिया, बारा, जगदर, खुरसाहा और लपटाहा गांवों के सरेह में पानी फैल गया है। खेतों में पानी जमा होने से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। किसान खेतों में लगी फसल को लेकर चिंतित हैं। लगातार जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
लहुरिया मध्य विद्यालय के पास सड़क पर पानी का बहाव तेज होने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को भी आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
मुख्य सड़क पर भी पानी
लहुरिया-लालबंदी मुख्य सड़क पर मदरसा के सामने करीब एक फीट पानी बह रहा है। इससे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, नदी का पानी बढ़ने के साथ सड़क पर जलस्तर भी बढ़ रहा है।
हर साल झेलते हैं बाढ़ का असर
ग्रामीणों ने बताया कि नेपाल के तराई क्षेत्र में बारिश होते ही भारतीय सीमा से सटे गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगता है। इससे हर वर्ष घर, सड़क और खेत जलमग्न हो जाते हैं। इस बार भी नदी के बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
