पटना के बाद अब सीतामढ़ी में 'सीता विश्वविद्यालय' की मांग तेज, MP देवेश बोले- मैं सीएम से करूंगा बात
सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने सीतामढ़ी में मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना का समर्थन किया है। उन्होंने ...और पढ़ें

पटना के बाद अब सीतामढ़ी में 'सीता विश्वविद्यालय' की मांग तेज, MP देवेश बोले- मैं सीएम से करूंगा बात
HighLights
सांसद देवेश ठाकुर ने सीता विश्वविद्यालय की मांग का समर्थन किया।
निर्विवाद जमीन मिलने पर मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजेंगे सांसद।
मुरादपुर मेडिकल कॉलेज का नाम भी मां सीता पर हो।
संवाद सहयोगी, सीतामढ़ी। सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि सीतामढ़ी में मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय जरूर बनना चाहिए। वे इस मांग के साथ हैं और इसके लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्थापना के लिए यदि कोई निर्विवाद जमीन देने को तैयार है तो वह डीएम को आवेदन देकर जमीन की जांच कराएं। जमीन के कागजात सही पाए जाने पर वे मुख्यमंत्री के पास सीता विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव लेकर जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सभी दल के जनप्रतिनिधियों के साथ सीतामढ़ी में सीता विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलेंगे। सांसद ठाकुर बुधवार को डुमरा स्थित आवास पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि सीतामढ़ी में मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग करने वालों के साथ खड़े हैं।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने पटना में सीता विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया है। बिना किसी के मांग किए मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने के फैसला स्वागत योग्य है। सीतामढ़ी में भी लंबे समय से मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठती रही है।
उन्होंने कहा कि पटना में विश्वविद्यालय बनने से सीतामढ़ी में विश्वविद्यालय बनने की मांग कमजोर नहीं पड़ती है, बल्कि मां सीता के नाम पर देश के अलग अलग हिस्सों में शिक्षण संस्थान स्थापित होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि पटना ही नहीं, दिल्ली में भी यदि कोई विश्वविद्यालय बनाया जाए तो उसका नाम मां सीता के नाम पर होना चाहिए।
सांसद ने कहा कि पहले भी सीतामढ़ी में मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए उनके द्वारा प्रयास किया गया था, लेकिन जमीन की उपलब्धता और कागजात से संबंधित समस्याएं सामने आती रही हो।
सांसद ने कहा कि मुरादपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का नाम भी मां सीता के नाम पर रखने के लिए वे पहले ही पत्र लिख चुके हैं। मां सीता पूरी धरती की माता हैं और सीतामढ़ी उनकी प्राकट्य स्थली है, इसलिए यहां उनके नाम पर विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज का नामकरण होना चाहिए। वे नीतीश कुमार के साथ हैं और अंतिम सांस तक उनके साथ रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार को पिछड़ेपन से निकालकर विकसित राज्य बनाने में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा, सुरसंड विधायक प्रो. नागेंद्र राउत, मोहम्मद साजिद अली खान, इंजीनियर तौकीर उर्फ सिकंदर, सुजीत झा, मो फरीन समेत अन्य लोग मौजूद थे।
