नगर निकायों में कचरा का होगा प्रबंधन
सीतामढ़ी। जिले के सभी नगर निकायों में कचरा प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
सीतामढ़ी। जिले के सभी नगर निकायों में कचरा प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत समाहरणालय में आयोजित बैठक में डीएम एम. रामचंद्रूडू ने नगर निकायों को कई निर्देश दिया। डीएम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रसंस्करण के लिए सभी नगर निकायों को आवश्यक जमीन का आकलन करते हुए इओआई निकालने का आदेश दिया। डीएम ने सैनिटरी लैंडफील के लिए आवश्यक भूमि का आकलन करते हुए नगर निकायों को भूमि चयन करने का आदेश दिया। साथ ही निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के संग्रहण और निपटान के लिए भी सभी नगर निकायों को इओआई के प्रकाशन का आदेश दिया। डीएम ने सभी नगर निकायों को शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा उठाव सुनिश्चित करने का आदेश दिया। डीएम ने बताया कि सभी नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत गीले कचरे के लिए कंपोस्ट पीट का निर्माण और सूखे कचरे के लिए मैटेरियल रिकॉवरी सेंटर का निर्माण कराना है। डीएम ने इसके तहत कार्य शुरू करने का आदेश दिया। मौके पर प्रभारी श्रम अधीक्षक मनीष कुमार, एसडीओ सदर मुकुल कुमार गुप्ता व सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद थे। इसकी जानकारी डीपीआरओ परिमल कुमार ने दी है।