होली को ले बच्चों-युवाओं में उत्साह चरम पर
पुपरी में रंग-गुलाल के साथ हास्य परिहास का त्योहार होली को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है।
सीतामढ़ी। पुपरी में रंग-गुलाल के साथ हास्य परिहास का त्योहार होली को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर मंगलवार को सारी तैयारी पूरी कर ली गई। अगले दो दिनों तक मनाया जाने वाले इस त्योहार को लेकर लोग जमकर खरीदारी में जुटे है। रंगो के त्योहार होली को लेकर हर आयु वर्ग के लोग अपने अलग-अलग अंदाज में त्योहार का आनंद लेते हैं। बच्चे से लेकर युवा और बुजूर्गों में फागुन का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। इस पर्व पर विशेष रूप से गाये जाने वाले होली गीतों की धुन से त्योहार का उत्साह कई गुणा बढ़ जाता है। शहर से लेकर ग्रामीण परिवेश में ढ़ोल मंजीरे के साथ सभी आयुवर्ग के लोग अलग-अलग टोली में होली का आनंद उठाते हैं। रंग और गुलाल से सराबोर होकर लोग एक दूसरे से खुशियां बांटते हैं। सामाजिक सौहार्द के साथ आपसी भाईचारे को लेकर इस पर्व की महत्ता और भी बढ़ जाती है। खासकर होलिका दहन के अवसर पर गांव और मोहल्ले के लोग एक जगह इकट्ठे होकर होलिका दहन करते हैं। जो पर्व की परंपरा के साथ ही आपसी सामंजस्य को बढ़ावा देती है। होली की खरीदारी को लेकर बाजारों में उमड़ी भीड़ : होली की तैयारी को लेकर बाजारों में खरीदारी करने वाले की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग गुलाल से लेकर कपड़ों की दुकानों में काफी भीड़ देखी जा रही है। उमंग और उल्लास के इस त्योहार में लोग अपने अपने हिसाब से खरीददारी कर रहे हैं। खासकर खाद्य सामग्रियों की दुकानें भी खरीदारों से अटी पड़ी है। बाजारों में महिलाएं एवं पुरूष के साथ ही बच्चों में खरीदारी को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। अबकी बाजारों में उपलब्ध हर्बल रंग और गुलाल लोगों को काफी आकर्षित कर रही है। वही रंग बिरंगे मास्क और तरह-तरह के मुखौटो की भी जमकर बिक्री की जा रही है। कहीं-कहीं नरेंद्र मोदी का का मुखौटा बिक रहा है।
हर तरफ दिख रहा फगुआ का खुमार : होली को लेकर हर तरफ होली का खुमार दिखने लगा है। चौक चौराहों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में फगुआ के गीत बजने लगे हैं। शाम होते ही लोगों की महफील जमने लगी है। ढ़ोल की थाप पर फगुआ के बोल लोगों का उमंग बढ़ा रहे हैं। अधिकांश स्थानों पर बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को लोग होली का त्योहार मनाने के मूड में है। शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाने को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किया गया है। ताकि लोगों के आनंद में कोई व्यवधान न हो। हर तरफ लोग होली के उमंग में डूबे हुए हैं।