सीतामढ़ी डुमरा के सूरज कर्ण सहित चार लोग 52.50 लाख नेपाली करेंसी के साथ हिरासत में
नेपाल के पर्सा जिले में पुलिस ने 52.50 लाख नेपाली करेंसी के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
नेपाल के पर्सा में 52.50 लाख नेपाली करेंसी के साथ चार गिरफ्तार
बीरगंज के आदर्शनगर में पुलिस ने विशेष सूचना पर कार्रवाई की
गिरफ्तार लोगों में सीतामढ़ी के डुमरा निवासी सूरज कर्ण भी शामिल
संवाद सहयोगी, सोनबरसा (सीतामढ़ी) । नेपाल के पर्सा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेहिसाब 52 लाख 50 हजार नेपाली करेंसी के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद रकम के संबंध में कोई संतोषजनक स्रोत नहीं मिलने के बाद चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार चार लोगों में से एक सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के वार्ड छह निवासी 26 वर्षीय सूरज कर्ण भी शामिल है।
उसके अलावा पर्सा की परसौनी गांवपालिका-1 निवासी 32 वर्षीय उपेंद्र साह, उसी गांवपालिका के वार्ड-1 निवासी 26 वर्षीय सागर कुमार सर्राफ तथा पर्सा के विंदवासिनी गांवपालिका-8 झौवागुठी निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार गुप्ता शामिल हैं। इनके पास से दो बाइक भी जब्त की गई है।
जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे बीरगंज महानगरपालिका-10 स्थित आदर्शनगर में विशेष सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने नेपाली नंबर (प्रदेश 2-03-003 प 7255 और ना.57 प 5952) की मोटरसाइकिल को रोका।
दोनों बाइक पर सवार चार लोगों की तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस की ओर से बरामद रकम में एक हजार रुपये के 405 नोट, 500 रुपये के 2353 नोट, 100 रुपये के 643 नोट तथा 50 रुपये के 84 नोट पाए गए।
पुलिस के प्रवक्ता एवं सूचना अधिकारी चक्र बहादुर मल्ल के अनुसार, बरामद नकदी के स्रोत की जांच की जा रही है। साथ ही दोनों मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। चारों से पूछताछ और जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस 21 दिनों तक उन्हें अपनी हिरासत में रखकर जांच कर सकती है।
