बाजपट्टी में दहेज के लिए विवाहिता की गला दबा कर हत्या
दहेज लोभी पति समेत ससुरालियों ने बाजपट्टी थाना क्षेत्र के संढवारा गांव में एक विवाहिता की गला दबा कर हत्या कर दी।
सीतामढ़ी। दहेज लोभी पति समेत ससुरालियों ने बाजपट्टी थाना क्षेत्र के संढवारा गांव में एक विवाहिता की गला दबा कर हत्या कर दी। शव को घर में छोड़ कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अवर निरीक्षक वीरेंद्र कुमार झा और लाल कुमार पासवान ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौके से मृतका की सास महेश्वरी देवी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की पहचान संढ़वारा गांव निवासी इंद्रजीत महतो की पत्नी मीना देवी (22) के रूप में की गई है। अवर निरीक्षक झा ने बताया कि महिला की हत्या कर मामले को आत्म हत्या करार देने के लिए शव को फंदे से लटका गया, फिर शव को जमीन पर रख कर परिजन फरार हो गए। पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा मृतका के पिता गंगा महतो को शव सौंप दिया। घटना की बाबत मृतक के पिता के बयान पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें मृतका के पति इंद्रजीत महतो, भैसुर आसनारायण महतो, सत्यनारायण महतो, देवर पंचन महतो, रघुवीर महतो और सास महेश्वरी देवी को नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार नानपुर थाना क्षेत्र के बनौल गांव निवासी गंगा महतो की पुत्री मीना देवी की शादी दो वर्ष पूर्व संढवारा निवासी इंद्रजीत महतो के साथ हुई थी। उसे एक वर्ष का पुत्र राघव भी है। शादी के एक वर्ष बाद पति समेत ससुराल वाले दहेज के लिए मीना को प्रताड़ित करने लगे। मृतका ससुराल वालों का जुल्म झेलती रही। एक माह पूर्व जब मीना के सब्र का बांध टूटा तो उसने प्रताड़ना की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद उसके पिता संढवारा पहुंचे और मीना को बुलाकर बनौल गांव ले गए। कुछ दिन बाद मीना को लेने इंद्रजीत ससुराल पहुंचा। जहां पिता ने मीना की विदाई से इन्कार कर दिया। दो दिन बाद फिर से ससुराल पहुंचे इंद्रजीत ने पत्नी मीना से माफी मांगी। इसके बाद मीना अपने पति के साथ ससुराल संढवारा लौट आई। इसी बीच दहेज को लेकर सोमवार की सुबह फिर विवाद हुआ। पति समेत ससुरालियों ने गला दबा कर मीना की हत्या कर दी और शव छोड़ फरार हो गए।