सीतामढ़ी रक्सौल के रास्ते चले राजधानी एक्सप्रेस, पूर्व सांसद ने पूर्व मध्य रेलवे के जीएम को सौंपा ज्ञापन
पूर्व सांसद अर्जुन राय ने हाजीपुर में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात कर सीतामढ़ी में रेल सेवाओं के ...और पढ़ें

अर्जुन राय ने डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस को पटना के स्थान पर सीतामढ़ी-रक्सौल होकर चलाने की मांग उठाई।
HighLights
पूर्व सांसद अर्जुन राय ने रेल सेवाओं के विस्तार की मांग की।
राजधानी एक्सप्रेस को सीतामढ़ी-रक्सौल मार्ग से चलाने का आग्रह।
नई रेल लाइनें और आधुनिक ट्रेनें शुरू करने पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Raxaul Rajdhani Express Demand: जिले में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर पूर्व सांसद अर्जुन राय ने हाजीपुर पहुंचकर पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर महाप्रबंधक को ज्ञापन भी सौंपा।
पर्यटन केंद्र बनेगा सीतामढ़ी
पूर्व सांसद ने कहा कि सीतामढ़ी में मां जानकी की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है। आने वाले एक-दो वर्षों में सीतामढ़ी देश और दुनिया के बड़े पर्यटन केंद्रों में शामिल हो जाएगा। इसे देखते हुए यहां रेल सुविधाओं का विस्तार बहुत आवश्यक है।
राजधानी एक्सप्रेस का रूट बदले
अर्जुन राय ने डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस को पटना के स्थान पर सीतामढ़ी-रक्सौल होकर चलाने की मांग उठाई।
इसके अलावा उन्होंने सीतामढ़ी-सोनबरसा-परिहार-सुरसंड-जयनगर-निर्मली नई रेल लाइन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने पर जोर दिया।
मोतिहारी तक ट्रेन विस्तार
पड़ोसी जिले मोतिहारी तक सीधी ट्रेन न होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने सीतामढ़ी से रक्सौल जाने वाली ट्रेन का विस्तार मोतिहारी तक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसी जिलों को जोड़ने के लिए यह सेवा नितांत आवश्यक है।
नई रेल लाइन और दोहरीकरण
उन्होंने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रेलखंड के न्यू रुन्नीसैदपुर स्टेशन के निर्माण और सीतामढ़ी में रेलवे वॉशिंग-पिट बनाने पर बल दिया।
इसके साथ ही दरभंगा-सीतामढ़ी-रक्सौल व मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रेलखंड के दोहरीकरण और वंदे भारत व दुरंतो जैसी आधुनिक ट्रेनें चलाने की मांग की।
