विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्य चुनाव आयुक्त ने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में की पूजा, बोले मंदिर बनने पर परिवार संग आऊंगा

Published: Sun, 16 Aug 2026 08:54 PM (IST)

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपनी पत्नी के साथ सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में माता जानकी की पूजा-अर्चना की। ...और पढ़ें

पुनौरा धाम में पत्नी के साथ पूजा करते मुख्य चुनाव आयुक्त। साथ में हैं महंत कौशल किशोर दास। सौ. प्रशासन

पुनौरा धाम में पत्नी के साथ पूजा करते मुख्य चुनाव आयुक्त। साथ में हैं महंत कौशल किशोर दास। सौ. प्रशासन 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपनी धर्मपत्नी अनुराधा कुमारी के साथ रविवार को सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम पहुंचे।

उन्होंने माता जानकी के पावन प्राकट्य स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की कामना की। सीताराम काष्ठ मंडपम में दर्शन के उपरांत उन्होंने माता जानकी के गर्भगृह और पवित्र सीता कुंड का भी अवलोकन किया।

वैदिक मंत्रोच्चार से पूजा

पुनौरा धाम पहुंचने पर मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया गया, जहां महंत कौशल किशोर दास और रामकुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने अहलुवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स द्वारा कराए जा रहे भव्य मंदिर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

विशेष आध्यात्मिक अनुभूति

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि माता सीता की जन्मभूमि पर दर्शन का सुअवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है।

यहां पूजा-अर्चना करने से उन्हें अलौकिक और विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई है। उन्होंने कामना की कि माता सीता की पावन धरा पर भव्य मंदिर का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिले।

पूरे परिवार संग आएंगे

उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर निर्माण कार्य संपन्न होने के बाद वे अपने पूरे परिवार के साथ पुनः माता जानकी के दर्शन के लिए सीतामढ़ी आएंगे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रिची पांडेय ने उन्हें महंथ निवास, सीता रसोई और कैफेटेरिया सहित अन्य निर्माण योजनाओं की विस्तृत प्रगति से अवगत कराया।

इस अवसर पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गूंजियाल, डीएम रिची पांडेय और एसपी अमित रंजन सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा के कड़े प्रबंध

वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए पूरे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि दर्शनार्थियों और सामान्य व्यवस्था में कोई व्यवधान न आए।

पुनौरा धाम में पूजा-अर्चना और निरीक्षण का कार्यक्रम संपन्न करने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए।