पति-पत्नी बन होटल में लिया कमरा, प्रेमिका को गोली मार खुद को भी कर लिया शूट
पति-पत्नी बनकर होटल पहुंचे प्रेमी-प्रेमिका ने कमरा बुक कराया। खाने का अॉर्डर देकर दोनों कमरे में चले गए। थोड़ी देर के बाद गोली चलने की आवाज सुनकर लोगों ने देखा तो सन्न रह गए।
सीतामढ़ी, जेएनएन। इश्क को अंजाम तक पहुंचाने में नाकाम प्रेमी ने पहले प्रेमिका की गोली मार हत्या कर दी। इसके खुद भी सिर में गोली मार ली। अब वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना शहर के भवदेपुर स्थित होटल सम्राट पैलेस में हुई। लड़की शहर से सटे राजोपट्टी की थी। वहीं, जख्मी प्रेमी बरियारपुर निवासी सूरज कुमार राय है। उसे गंभीर स्थिति में नंदीपत मेमोरियल हॉस्पीटल से पटना रेफर कर दिया गया।
चिकित्सक डॉ. वरुण कुमार ने स्थिति अत्यंत नाजुक बताई। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और दो खोखे बरामद किया। इसके अलावा होटल का रजिस्टर, जख्मी युवक का आधार कार्ड, मोबाइल और अपाची बाइक भी जब्त की। साथ ही कमरे को सील कर दिया। एफएसएल टीम को बुलावा भेजा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद लड़की का शव परिजनों को सौंप दिया।
बताया गया कि सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे दोनों पति-पत्नी बनकर होटल पहुंचे। कमरा बुक कराया। होटल की पंजी पर सूरज ने अपना नाम सही दर्ज किया। जबकि, लड़की का नाम बदल कर दर्ज कराया था। होटल कर्मी ने कमरा नंबर 302 की चाबी दी। दोनों खाना का ऑर्डर देकर कमरे में चले गए।
कुछ देर बाद फायरिंग की आवाज आई। होटल कर्मी ने कमरे का दरवाजा खोला तो देखकर सन्न रह गया। कमरे में लड़की का शव पड़ा हुआ था और युवक के हाथ में पिस्तौल थी और उसने खुद को भी गोली मार ली थी। उसकी सांसें चल रही थीं। होटलकर्मियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
इस बीच नगर थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह के नेतृत्व में पुलिस पहुंची। पिस्टल और खोखे जब्त कर कमरे में ताला जड़ा। कुछ देर बाद एएसपी ऑपरेशन विजय शंकर ङ्क्षसह और एसडीपीओ सदर डॉ. कुमार वीर धीरेंद्र भी पहुंचे। लड़की के मोबाइल से उसकी पहचान हुई।परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसपी सुजीत कुमार ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का था। इसकी जांच जारी है। मामले की फॉरेंसिक जांच होगी। वहीं, लड़की के परिजनों ने बताया कि 7 फरवरी को शादी होनी थी। 10 दिसंबर को सगाई हुई थी। वहीं, लड़का छह भाइयों में सबसे छोटा है।