समाज के लिए सक्रिय रहती थीं दोनों महिलाएं
रीगा के सिमरदह कला गांव में रविवार की सुबह गांव की दो महिलाओं की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर पहुंचते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
सीतामढ़ी। रीगा के सिमरदह कला गांव में रविवार की सुबह गांव की दो महिलाओं की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर पहुंचते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। दोनों महिलाएं गांव में मेहनत-मजदूरी के अलावा सामाजिक जागरूकता के लिए भी सक्रिय रहती थी। दोनों ने गांव की महिलाओं संग मिलकर स्वावलंबन के लिए स्वयं सहायता समूह का गठन किया था। गांव के विश्वनाथ पासवान की पत्नी रामसखी देवी एवं बीरबल साह की पत्नी सिकिलिया देवी की इस हादसे में मौत से दोनों परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका रामसखी देवी के पुत्र राजीव कुमार, संदीप कुमार एवं दिलीप कुमार तथा पुत्री शिवदुलारी देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। उसके परिवार का जीवन-यापन मजदूरी से चलता है। मृतका भी मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थी। उसकी मौत से परिवार पर आíथक संकट उत्पन्न हो गया है। इधर, गांव के ही बीरबल साह की पत्नी सिकिलिया देवी की मौत भी इसी हादसे में हो गई। उसके दो पुत्र मोहन साह एवं गौरी साह तथा दो पुत्री विभा देवी एवं निभा कुमारी है। विभा देवी की शादी हो चुकी है। जबकि निभा अविवाहित है। मौत की खबर मिलते ही इसके परिवार में भी कोहराम मच गया। इसका परिवार भी मेहनत-मजदूरी पर चलता था। सिकिलिया देवी की मौत से उसके बच्चों के सिर से मां का साया तो उठ ही गया परिवार पर आíथक संकट भी गहरा गया। आस-पड़ोस के लोग इनके बच्चों को ढाढ़स बंधाते हुए खुद रो पड़ रहे थे।