सीतामढ़ी पहुंचे बिहार कांग्रेस प्रभारी का सरकार पर हमला, बोले देश तोड़ने में जुटी सत्ता
Krishna Allavaru Sitamarhi Visit: बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने केंद्र व राज्य सरकारों पर समाज को बांटने का आरोप ...और पढ़ें

नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु व अन्य।
HighLights
कृष्णा अल्लावरु ने केंद्र-राज्य सरकारों पर समाज बांटने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से राष्ट्र को एक कर रहे।
सीतामढ़ी में नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों का आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Bihar Congress In Charge: बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग समाज और देश को बांटने की साजिश में जुटे हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के जरिए पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरो रहे हैं।
उन्होंने रेखांकित किया कि आपसी एकता, सद्भाव और आम सहमति से ही भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
वे सीतामढ़ी शहर स्थित एक निजी होटल के सभागार में नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए उनकी वैचारिक मजबूती के लिए यह प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है।
कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जनसरोकार के मुद्दों पर पूरी ताकत से संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
अनुशासन और समानता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सबको साथ लेकर चलने और विचारों का आदर करने से ही श्रेष्ठ समाज बनता है।
पंचायत स्तर के एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक सभी एक परिवार की तरह जुड़े हुए हैं। देश निर्माण में प्रत्येक नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता को अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी।
18 जिलों की भागीदारी
इससे पूर्व अतिथियों ने विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस आवासीय शिविर में सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित 18 जिलों के अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं।
शिविर के दौरान कुल 14 अकादमिक सत्रों के अलावा प्रभात फेरी, श्रमदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी तय किया गया है।
गांधीवादी विचारों पर मंथन
पहले दिन के सत्र में नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों को गांधीवादी विचारधारा, कांग्रेस पार्टी के मूल सिद्धांतों और इतिहास से अवगत कराया गया। इसके साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षक राजकुमार मीणा के संचालन में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और आधुनिक जनसंपर्क तकनीकों पर भी विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह शिविर संयोजक अमित कुमार टुन्ना ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रकटू प्रसाद, सीताराम झा, प्रदेश प्रतिनिधि रितेश रमण सिंह और मो. शम्स शाहनवाज उपस्थित रहे।
साथ ही खगड़िया जिलाध्यक्ष डॉ. चंदन यादव, प्रभारी डॉ. गौरव वर्मा, रामू मिश्रा, आफताब अंजुम बिहारी, प्रो. राम प्रवेश कुशवाहा और शैलेंद्र खिरहर सहित कई नेता मौजूद रहे।
