सीतामढ़ी में एसएसबी ने 9000 रुपये के जाली भारतीय नोट के साथ युवक को दबोचा
Indo Nepal Border Crime: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने भिट्ठामोर चेकपोस्ट के पास 9,000 रुपये के जाली भारतीय नोटों के ...और पढ़ें
-1784197844098_m.webp)
अपराधी के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
संवाद सहयोगी,सुरसंड (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Fake Currency: भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की भिट्ठामोर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हजार रुपये के जाली भारतीय नोट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के पास से नेपाली नंबर की एक बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चेकपोस्ट के पास पकड़ा गया युवक
एसएसबी की 51वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर मनीष जायसवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। संध्या गश्ती के दौरान टीम ने भिट्ठामोर चेकपोस्ट के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 250 मीटर भारतीय क्षेत्र में श्रीखंडी भिट्ठा गांव के निकट एक युवक को संदेह के आधार पर रोका।
तलाशी लेने पर उसके पास से 100-100 रुपये के कुल 90 जाली नोट, यानी 9 हजार रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान सोनबरसा थाना क्षेत्र के पिपरा परसाईंन गांव निवासी जावेद आलम (23) के रूप में हुई है।
पूछताछ में किया अहम खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोनबरसा से सीतामढ़ी जा रहा था। उसके अनुसार, बरामद जाली नोट उसे सोनबरसा में एक अज्ञात व्यक्ति ने दिए थे, जिन्हें वह खुद इस्तेमाल करने वाला था।
जांच के दौरान यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी पहले भी कई बार जाली नोट लेकर इस इलाके में आ-जा चुका है। हालांकि पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।
सीमा क्षेत्र में सक्रिय है जाली नोट गिरोह
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि भिट्ठामोर और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में जाली नोट की तस्करी करने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिसकी पहुंच सीमा पार तक बताई जा रही है। फिलहाल एसएसबी ने केवल गिरफ्तारी और बरामदगी की पुष्टि की है, जबकि खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बरामद जाली नोटों की गिनती भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल की मौजूदगी में की गई। इसके बाद जब्त नोट, नेपाली नंबर की बाइक, मोबाइल फोन और गिरफ्तार युवक को भिट्ठा थाना के हवाले कर दिया गया।
भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल ने बताया कि एसएसबी की जब्ती सूची के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में सीतामढ़ी भेज दिया गया है।
