मां दुर्गा का खोईछा भरकर महिलाओं ने मांगी समृद्धि
शेखपुरा। बुधवार को नवरात्र की अष्टमी पूजा पर मां दुर्गा के दरबार में खोईछा भरने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
शेखपुरा। बुधवार को नवरात्र की अष्टमी पूजा पर मां दुर्गा के दरबार में खोईछा भरने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिला-श्रद्धालुओं ने देवी स्थानों में जाकर मां दुर्गा की खोईछा भराई की और भगवती से सुख-समृद्धि की कामना की। अष्टमी पूजा पर लोगों के घरों में जागरण का भी अनुष्ठान आयोजित किया गया। खोईछा भरने के को लेकर शहर के विभिन्न देवी स्थानों खांडपर, चांदनी चौक, मड़पसौना, बल्लभ ठाकुरबाड़ी, कमिश्नरी बाजार, डीएम हाई स्कूल, बड़ी संगत, गोल्डन चौक, गिरि¨हडा चौक, इंदाय पर महिला श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ उमड़ी की पूजा समितियों को व्यवस्था संभालने में पसीने छूट गए। कई महिलाएं ढोल-बाजे के साथ पूजा-पंडालों में पहुंचीं तथा खोईछा भरा। महिलाओं ने मां भगवती के गीत गाकर भी मां की उपासना की। इस संबंध में आचार्य निरंजन पांडेय ने बताया कि नवरात्र में मां दुर्गा नौ दिनों के लिए अपने नैहर आती हैं और अष्टमी को खोईछा भरने का यह अनुष्ठान नैहर आई बेटी के सम्मान का प्रतीक है।