निकले थे खाद-बीज लेने, जेब के पैसे दान कर दिये
दिल की गहराइयों से निकली भावना में लोग क्या-क्या नहीं कर डालते हैं। इसी तरह का उदाहरण मंगलवार को जिला के जेपी सेनानी राजेंद्र प्रसाद उर्फ राजकुमार महतो ने पेश किया। पेशे से किसान राजेंद्र सुबह घर से खेतों से खाद-बीज खरीदने निकले थे। लाचार लोगों को देखकर सारा पैसा उन लोगों को दे दिया। राजेंद्र प्रसाद शेखपुरा शहरी क्षेत्र के खांडपर के निवासी है।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा:
दिल की गहराइयों से निकली भावना में लोग क्या-क्या नहीं कर डालते हैं। इसी तरह का उदाहरण मंगलवार को जिला के जेपी सेनानी राजेंद्र प्रसाद उर्फ राजकुमार महतो ने पेश किया। पेशे से किसान राजेंद्र सुबह घर से खेतों से खाद-बीज खरीदने निकले थे। लाचार लोगों को देखकर सारा पैसा उन लोगों को दे दिया। राजेंद्र प्रसाद शेखपुरा शहरी क्षेत्र के खांडपर के निवासी है। सुबह में वे घर से खाद-बीज के लिए घर से निकले थे। इस दौरान वे पहले अपने खेत देखने हसनगंज रेलवे क्रासिग के पास चले गये। इस दौरान उन्हें रेलवे ट्रैक पर पैदल चलते 13 लोगों का एक जत्था दिखा। वे रुककर उन लोगों से जब पूछताछ किया तो पता मालूम हुआ ये लोग मजदूर हैं तथा लॉकडाउन की वजह से गया से पैदल अभयपुर (मुंगेर) जा रहे हैं। इन लोगों ने सोमवार की दोपहर से कुछ खाया भी नहीं था। यह सुनकर राजेंद्र ने अपनी जेब में रखे खाद-बीज के 16 सौ रुपया इन लाचारों को दान कर दिया। राजेंद्र पहले भी इस तरह के कई अनूठे कार्य कर चुके हैं।
--
एएनएम ने पहला वेतन पीएम कोष में दान किया
फोटो 07- राहत कोष का चेक दिखाती एएनएम बबीता
जागरण संवाददाता, शेखपुरा:
कोरोना के इस वैश्विक संकट से देश को उबारने में आम से लेकर खास लोग लगे हुए हैं। संकट की घड़ी में लोगों के दान के साथ उसकी भावना का खास महत्व है। जिला के लोग भी अपने स्तर से इस पुनीत कार्य में लगे हैं। कोई नगदी दे रहा है कोई खाना और अनाज बांट रहा है। कोई मास्क व साबुन दे रहा है। इसी कड़ी में जिला की एक एएनएम बबीता कुमारी ने अपना पहला वेतन पीएम राहत कोष में दान कर दिया है। बबीता ने मंगलवार को अपने पहले वेतन की राशि 30641 रूपया का चेक राहत कोष में जमा किया। बबीता जिला के मधेपुर की निवासी हैं तथा पचना स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तैनात हैं। इनकी नौकरी पिछले साल नवंबर में लगी है। सोमवार को इनको पहले महीने का वेतन मिला और मंगलवार को यह राशि देश के कल्याण के लिए दान दे दिया। बबीता का पति मालदह हाई स्कूल में नियोजित शिक्षक हैं। एएनएम बबीता के इस कदम की लोग सराहना कर रहे हैं।
अन्नयज्ञ अभियान: घर पर पहुंचा रहे हैं जरूरतमंद को राशन
संस, बरबीघा : शेखपुरा जिले के बरबीघा में बरबीघा चौपाल व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े युवाओं ने एक अनोखा अभियान शुरू किया है। किसी के घर का चूल्हा बंद नहीं हो इसीलिए यह अभियान चलाया है। अन्न यज्ञ नामक यह अभियान शुरू किया गया है। इसमें जरूरतमंद की पहचान ग्रुप के सदस्य करते हैं और फिर उसकी जांच की जाती है। और उसके घर पर 5 किलो चावल, 5 किलो आटा, आधा किलो दाल, ढाई किलो आलू , 1 किलो नमक, आधा किलो चूरा ,एक साबुन इत्यादि सामान पहुंचा दिया जाता है।
इस अभियान में लॉकडाउन को प्रभावित नहीं किया जा रहा है। कहीं भी भीड़ इकट्ठा नहीं हो रही है। सभी युवा बाइक पर सवार होकर चुपचाप प्रभावित घर पर जाते हैं और दरवाजा खटखटा कर उनको सामान देकर चले जाते हैं। बरबीघा चौपाल में जुड़े लोगों के द्वारा सहायता राशि दी गई है। उसी से इस अभियान को चलाया जा रहा है। इसमें कई लोगों के द्वारा अनाज भी सहायता स्वरूप दिया गया है।
---
हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी
कोई भूखा नहीं रहे इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया है। वहां से भी कॉल आने पर उसकी जांच की जाती है और बहुत जरूरतमंद पाए जाने पर उसके घर पर राशन पहुंचा दिया जा रहा है।