बरबीघा में 721 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज करेंगे मतदाता
शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड की नौ पंचायतों में 721 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बु
शेखपुरा:
जिले के बरबीघा प्रखंड की नौ पंचायतों में 721 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बुधवार को होगा। मतदान सुबह सात बजे से संध्या पांच बजे होगा। बरबीघा के श्री कृष्ण रामरुचि कालेज में जिले के वरीय पदाधिकारी ने मतदान कर्मियों को मंगलवार को रवाना किया। इस दौरान उन्हें सभी नियमों की जानकारी दी गई और उसके अनुपालन में सख्ती रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता सत्येंद्र शर्मा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत किशोर, अपर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कल्याण आनंद मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि बोगस वोटिग करने वालों पर कड़ी नजर रहेगी।
बरबीघा की सभी नौ पंचायतों में 61665 मतदाताओं के द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा। इसमें विभिन्न पदों के लिए 721 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसमें जिला परिषद के लिए सात, मुखिया के लिए 58, सरपंच के लिए 43, पंचायत समिति के लिए 62, पंच के लिए 139 और सर्वाधिक वार्ड सदस्य के लिए 412 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
जिले की तेउस, जगदीशपुर, पांक, केवटी, कुटौत, मालदह, सर्वा, पिजड़ी, सामस बुजुर्ग पंचायत में मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक किया जाना है। इसको लेकर सभी बूथों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सभी पंचायतों को जोन बनाया गया है। इसके अलावा कुल 118 बूथों के लिए 35 सेक्टर तथा 69 पेट्रोलिग मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
अभियंता सहित पांच मतदानकर्मियों को नोटिस
जागरण संवाददाता, शेखपुरा:
एक कार्यपालक अभियंता सहित पांच मतदानकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस पंचायत चुनाव के लिए गठित कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी केके यादव ने जारी किया है। इन कर्मियों पर मतदान और मतगणना के कार्य से गायब रहने का आरोप है। इन सभी को शेखोपुरसराय प्रखंड के मतदान और मतगणना में लगाया गया था। तीन नवंबर को मतदान में ग्रामीण विकास के कार्यपालक अभियंता विमल कुमार, महिला कालेज के सहायक गिरीश कुमार तथा शिक्षा सेवक प्रभु मांझी अपनी ड्यूटी से गायब थे। इसी तरह 13 नवंबर को हुई मतगणना में लोदीपुर के शिक्षक निरंजन कुमार तथा लघु सिचाई विभाग के लिपिक संजय कुमार भी अपनी ड्यूटी से गायब थे। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करके लिखित जवाब मांगा गया है।