मतदान के दौरान हंगामा, नगर उपाध्यक्ष का पुत्र फर्जी वोटिग में गिरफ्तार
जागरण टीम शेखपुरा-बरबीघा बरबीघा पंचायत की सभी नौ पंचायतों के लिए 118 बूथों पर मतदान
जागरण टीम, शेखपुरा-बरबीघा:
बरबीघा पंचायत की सभी नौ पंचायतों के लिए 118 बूथों पर मतदान बुधवार को सुबह सात बजे से प्रारंभ हो गया। कुछ बूथों पर ईवीएम में खराबी आने से मतदान में देरी हुई। वहीं कई बूथों पर मतदान कर्मियों और पुलिसकर्मियों पर वोटिग को प्रभावित करने और किसी खास प्रत्याशी के लिए वोट देने की बात कहने पर बवाल हुआ। तेउस पंचायत में फर्जी वोटिग करते नगर परिषद बरबीघा के उपाध्यक्ष का पुत्र सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार तेउस के नरसिंहपुर गांव के बूथ संख्या 16 पर फर्जी वोटर बनकर मतदान के लिए पहुंचे नगर परिषद के उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के पुत्र सन्नी कुमार को अपर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि फर्जी मतदान करने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है। इधर, इसी पंचायत के मुखिया समर्थक गोपाल कुमार को भी हिरासत में लिया गया। बाद में विधायक सुदर्शन कुमार के हस्तक्षेप के बाद से मुक्त किया गया।
पुलिसकर्मी ने तान दी राइफल
पिजड़ी मतदान केंद्र संख्या 78 पर एक मतदान कर्मी पर मुखिया प्रत्याशी के समर्थन में काम करने और वोटर को प्रभावित करने का आरोप लगा। इसके बाद एक महिला प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ जमकर बवाल किया। हंगामा बढ़ता देख एक पुलिसकर्मी ने राइफल भी तान दी। बाद में मामले को शांत कराया गया। सूचना मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट डीडीसी सत्येंद्र कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कल्याण आनंद मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। डीडीसी ने मतदान कर्मियों की जमकर क्लास लगाई। वहीं इसी पंचायत के कुसेढ़ी बूथ पर एक पुलिसकर्मी पर वोटर को प्रभावित करने का आरोप लगाकर बवाल किया गया। कुटौत पंचायत के कुटौत गांव में एक महिला पुलिसकर्मी पर वोटर को प्रभावित करने का आरोप लगाकर अधिकारियों से शिकायत की गई। केवटी में पीठासीन पदाधिकारी मतदान कमरे के अंदर बैठकर काम कर रहे थे, जिसे अधिकारी की शिकायत पर हटाया गया।
कई जगहों पर ईवीएम की आई खराबी
सर्वा पंचायत के बूथ संख्या 86 87 और 92 पर ईवीएम में खराबी आ गई। इस कारण एक घंटा विलंब से मतदान प्रारंभ हुआ। बूथ संख्या 83 पर भी दोपहर में ईवीएम में खराब हो गई, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया। इसी पंचायत के बूथ संख्या 89 पर मतदान कर्मी विद्यापति प्रसाद सिंह पर वोटर को प्रभावित कर दूसरे प्रत्याशी के लिए वोट करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया।