शेखपुरा के धोब घट्टा से एक साथ उठी तीन अर्थियां
शेखपुरा। शनिवार को शेखपुरा शहरी क्षेत्र के बुधौली धोब घट्टा से एक साथ तीन अर्थियां निकाली गई।
शेखपुरा। शनिवार को शेखपुरा शहरी क्षेत्र के बुधौली धोब घट्टा से एक साथ तीन अर्थियां निकाली गई। इसके अलावे शहर के ही गिरिहींड़ा से एक तथा बाईपास से एक अर्थी दाह-संस्कार के लिए निकाली गई। इन पांचों की मौत गुरुवार की देर रात देवघर के पास सड़क दुर्घटना में हुई थी। सभी मृतक एक ही पिकअप वैन पर सवार थे। ये लोग शेखपुरा के बुधौली धोब-घट्टा के भूषण राम ने बेटे के मुंडन में शामिल होने के लिए शेखपुरा से देवघर जा रहे थे। गुरुवार की देर रात दुर्घटना में मरे इन लोगों का शव शुक्रवार की देर शाम शेखपुरा लाया गया और शनिवार की सुबह दाह-संस्कार के लिए गंगा घाट ले जाया गया। मृतकों में भूषण राम की मां रामसखी देवी (80), पड़ोसी रामबालक राम (50), सरहज संगीता देवी (40), साढू संजय राम का तीन साल का पुत्र तथा पिकअप वैन का ड्राइवर टुन्ना यादव शामिल हैं। इन पांच लोगों में से तीन की लाश शनिवार को एक साथ धोब घट्टा से उठी तो समूचा माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के विलाप और चीत्कार से वहां मौजूद लोग भी भावुक होकर फफक पड़े। इधर इस हृदय विदारक दुर्घटना के बाद किसी सरकारी मुलाजिम के धोब घट्टा नहीं आने पर स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। शनिवार की दोपहर तक इन पीड़ित परिवारों का दु:ख सुनने प्रशासन का अदना कर्मचारी तक धोब घट्टा नहीं पहुंचा था। प्रशासन की इस उपेक्षा पर ढाढ़ी विकास मंच के अध्यक्ष हरिकिशोर ढाढ़ी ने तीखी प्रक्रिया जताते हुए कहा है कि मदद की बात तो दूर कोई हाल जानने तक नहीं आया है। यहां बताना जरुरी है कि मृतक सभी लोग एक ही समाज के हैं।