सफाई कर्मियों ने सड़क पर कचड़ फेंका
बुधवार को शेखपुरा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के द्वारा तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रखा गया। बुधवार को हड़ताल को आगे बढ़ाते हुए सफाई कर्मियों ने नगर भर के प्रमुख सड़कों पर कचरा बिखेर कर विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों ने समाहरणालय परिसर के आसपास भी कचरा फेंक दिया।
जासं, शेखपुरा: बुधवार को शेखपुरा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के द्वारा तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रखा गया। बुधवार को हड़ताल को आगे बढ़ाते हुए सफाई कर्मियों ने नगर भर के प्रमुख सड़कों पर कचरा बिखेर कर विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों ने समाहरणालय परिसर के आसपास भी कचरा फेंक दिया। आंदोलन के क्रम में नगर परिषद के अधिकारियों के विरोध में सफाई कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की।
इस संबंध में सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक भगत ने बताया कि वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नगर परिषद के सफाई कर्मी लगातार हड़ताल कर रहे हैं। कुछ माह पहले भी हड़ताल किया गया था जिसमें वेतन वृद्धि किए जाने का आश्वासन दिया गया था। बाद में उसे पूरा नहीं किया गया। इसी को लेकर यह हड़ताल किया जा रहा है। जबकि सभापति के प्रति शंभू यादव के द्वारा फोन पर हड़ताल खत्म नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। जिसके बाद आंदोलन को और उग्र किया गया है। नगर भर में कचरा फैला कर विरोध प्रदर्शन किया गया है। उधर इस संबंध में नगर सभापति के पति शंभू यादव ने बताया कि सफाई कर्मियों के द्वारा राजनीति से प्रेरित होकर लगातार हड़ताल किया जा रहा है ताकि नगर परिषद शेखपुरा में गंदगी हो और राजनीतिक परेशानी उत्पन्न हो। इस राजनीतिक साजिश को समझते हुए सख्त कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि धमकी देने का आरोप जानबूझकर उन पर लगाया गया है।
---
हड़ताली सफाई कर्मियों पर प्राथमिकी की प्रक्रिया शेखपुरा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश दयाल लाल ने बताया कि हड़ताल करने वाले सफाई कर्मियों के द्वारा हड़ताल के नियमों से हटकर अधिकारियों को परेशान किया जा रहा है। नगर भर में गंदगी फैलाई जा रही है। कार्यालय को बंद कर दिया जा रहा है । जिसके बाद नगर परिषद के द्वारा सात सफाई कर्मियों के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है।