रिश्तों की ऐसी उलझी कहानी कि हर कोई रह गया हैरान, शेखपुरा समाहरणालय के गेट पर महिला ने खाया जहर
शेखपुरा में समाहरणालय गेट पर एक विवाहिता ने विषपान कर लिया, जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई। महिला ...और पढ़ें

अस्पताल में महिला से जानकारी लेतीं पुलिस अधिकारी।
HighLights
विवाहिता ने शेखपुरा समाहरणालय गेट पर विषपान किया।
स्थानीय लोगों ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई।
रिश्तों की उलझन से परेशान होकर उठाया यह कदम।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। समाहरणालय के गेट पर शनिवार रात एक महिला ने विषपान कर लिया। स्थानीय लोगों ने समय पर अस्पताल पहुंचा दिया, इससे उसकी जान बच गई।
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। सूचना मिलने पर महिला थाना की एसएचओ रिशु कुमारी भी अस्पताल पहुंचीं और महिला से पूछताछ की।
पूछताछ में महिला ने अपनी जिंदगी से जुड़ी जो कहानी बताई, वह काफी नाटकीय है। 28 वर्षीय विवाहिता की शादी शेखपुरा में हुई थी।
पति को छोड़ने के बाद चचेरे देवर से की शादी
महिला के अनुसार, शादी के कुछ वर्ष बाद उसने पति को छोड़ दिया और अपने चचेरे देवर के साथ शादी कर ली। हालांकि, करीब एक सप्ताह पहले दूसरा पति भी उसे छोड़कर फरार हो गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि पहला पति अब उसे साथ रखने को तैयार नहीं है, जबकि दूसरा पति भी उसे छोड़कर चला गया।
इसके बाद वह पिछले एक सप्ताह से इधर-उधर भटक रही थी। इसी दौरान शनिवार की रात उसने कथित रूप से आत्महत्या की नीयत से समाहरणालय गेट के पास चूहा मारने की दवा खा ली।
विषपान के बाद महिला वहीं बेहोश होकर गिर गई। आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे ई-रिक्शा से सदर अस्पताल पहुंचाया।
महिला के मायके दी गई सूचना
समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार, इलाज के बाद महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। सदर अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला के नैहर पक्ष के लोगों को घटना की सूचना दी गई है।
महिला थाना पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला के बयान और स्वजन से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी।
