शेखपुरा में HIV के बढ़ते मामलों से हड़कंप: 8 महीने में मिले 30 नए मरीज; जेल के 3 बंदी भी शामिल
शेखपुरा जिले में आठ महीनों में 30 नए एचआईवी संक्रमितों की पहचान हुई है, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या लगभग 500 हो गई है।

शेखपुरा में बढ़े HIV के मामले। (जागरण)
HighLights
आठ महीने में शेखपुरा में 30 नए एचआईवी मरीज मिले।
इनमें शेखपुरा जेल के तीन बंदी भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग विशेष जांच और जागरूकता अभियान चलाएगा।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। जिले में एचआईवी संक्रमण के बढ़ते मामले स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा रहे हैं।
आठ महीने में जिले में एचआईवी के 30 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। इनमें शेखपुरा जेल के तीन बंदी भी शामिल हैं। संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब जोखिम वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी, जांच और जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी में है।
सूत्रों के अनुसार, जिले में पहले से करीब 500 एचआईवी संक्रमितों का उपचार चल रहा है। नए संक्रमितों में दंपती, गर्भवती, गर्भस्थ शिशु व अविवाहित युवक भी शामिल हैं।
जेल में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान तीन बंदियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका सरकारी स्तर पर उपचार शुरू कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एचआईवी संक्रमण के प्रमुख कारणों में असुरक्षित यौन संबंध शामिल हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान गोपनीय तरीके से की जाएगी, ताकि वहां लक्षित जांच, परामर्श और जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
रोकथाम और जागरूकता पर जोर
बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए उप विकास आयुक्त ने बैठक कर जिले में चल रहे एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने संक्रमितों की पहचान, जांच और उपचार के साथ बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में सिविल सर्जन समेत संबंधित अधिकारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दो महीने का विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में स्कूल-कालेजों के साथ टोले-मोहल्लों में शिविर लगाकर लोगों को एचआईवी के कारण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी दी जाएगी।
