भाजपा को हराने के लिए हम अपना हिस्सा भी त्यागने को तैयार : मांझी
हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा है कि अगले साल हो
हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा है कि अगले साल होने वाले लोस चुनाव में सबसे बड़ा लक्ष्य भाजपा को केंद्र की सत्ता से अलग रखना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बिहार महागठबंधन में हम पार्टी अपना हिस्सा त्यागने को भी तैयार है। मांझी ने ये बातें मंगलवार को शेखपुरा में प्रेस कांफ्रेंस में कही। पूर्व सीएम जिले के चांदी-वृंदावन गांव में सालाना सबरी मेला का उद्घाटन करने आये थे। इसी क्रम में शेखपुरा सर्किट हाउस में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। पूर्व सीएम मांझी ने कहा कि राज्य के 40 लोस सीटों में से 20 पर हम पार्टी ने अपना संगठनात्मक तैयारी की है। इसी में से उन्हें जो हिस्सा मिलेगा उसपर चुनाव लड़ेंगे। कहा कि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का एकमात्र लक्ष्य है भाजपा को सत्ता से बेदखल करना। इसके लिए जरूरत पड़ी तो हम अपने हिस्से की सीटें भी छोड़ सकते हैं। कहा कि सीट बंटवारे को लेकर बिहार एनडीए में घमासान मचा हुआ है। एक तरफ नीतीश कह रहे हैं कि सीट शेय¨रग की बात हो चुकी है और दूसरी तरफ बीमारी का बहाना बनाकर दिल्ली जाकर अमित शाह के दरबार में गुहार लगा रहे हैं। वहीं, एनडीए में उपेंद्र कुशवाहा और रामबिलास पासवान दोनों खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में मांझी ने कहा कि अगर कुशवाहा और पासवान महागठबंधन में आते हैं तो उनका खुले दिल से स्वागत है। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनके पास जो जानकारी है उसके मुताबिक बिहार की 40 सीटों में से एनडीए में रामविलास पासवान को चार और उपेंद्र कुशवाहा को दो सीट का ही ऑफर मिला है।