भाजपाइयों ने प्रदर्शन कर राहुल का पुतला फूंका
- शेखपुरा में राहुल का पुतला फूंकते भाजपाई
जागरण संवाददाता, शेखपुरा : शनिवार को शेखपुरा में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपाइयों ने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका। कांग्रेस के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन जिला मुख्यालय शेखपुरा की चांदनी चौक पर किया गया। इसमें भाजपा के जिलाध्यक्ष संजीत प्रभाकर के अलावे, पार्टी प्रवक्ता राजीव कुमार सिंहा, नवल किशोर पासवान, हीरा लाल सिंह ,विपिन कुमार, भगवान गुप्ता सहित पार्टी के कई नेता तथा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। यह कार्यक्रम राहुल गांधी द्वारा राफेल लड़ाकू विमान की ़खरीदारी में उठाए गए झूठे मुद्दे को लेकर आयोजित किया गया। दो दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में मोदी सरकार को क्लीन चिट दिया है। प्रदर्शन के पहले भाजपा के लोगों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से चांदनी चौक पर अंबेडकर प्रतिमा तक पैदल मार्च भी किया। इस बाबत भाजपा जिलाध्यक्ष संजीत प्रभाकर ने कहा राहुल गांधी ने राफेल विमान की ़खरीदारी के बारे में झूठी बाते फैलाकर देश को गुमराह करने का प्रयास किया है। इस मुद्दे पर कोर्ट ने पहले ही सरकार को क्लीन चिट दे दिया था। उसके बाबजूद चुनावी लाभ लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका भी दाखिल किया। जिसे कोर्ट ने निरस्त कर दिया है। कोर्ट के पहले चुनाव में देश ने मोदी को अपार बहुमत देकर कांग्रेस के गेम को पूरी तरह खत्म कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा के लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।