शेखपुरा में मेडिकल कॉलेज से वंदे भारत के ठहराव तक, सांसद अरुण भारती ने बताईं विकास योजनाएं
सांसद अरुण भारती ने युवाओं से सक्रिय राजनीति में आने की अपील की और शेखपुरा के विकास कार्यों पर बात ...और पढ़ें

सांसद अरुण भारती को ज्ञापन सौंपते लोग। जागरण
HighLights
युवाओं से सक्रिय राजनीति में आने की अपील की।
शेखपुरा में ही बनेगा प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज।
वंदे भारत ट्रेन ठहराव के लिए प्रयास तेज।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। क्षेत्रीय सांसद तथा लोजपा (रा) के बिहार प्रभारी अरुण भारती ने युवाओं से सक्रिय राजनीति में आने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ने से नई सोच और नए विचार सामने आएंगे। युवाओं को रचनात्मक सोच और राजनीतिक समझ के साथ परिपक्व होकर राजनीति में आगे आना चाहिए।
सोमवार को पटना से जमुई जाने के क्रम में सांसद शेखपुरा बाइपास स्थित पार्टी कार्यालय के पास कुछ देर के लिए रुके। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, प्रशांत किशोर, एनडीए की स्थिति सहित जिले से जुड़े विकास कार्यों पर अपनी बात रखी।
उपचुनाव के नतीजों का सरकार पर असर नहीं
बिहार में हुए उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत और एनडीए की हार से जुड़े सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि उपचुनाव के परिणाम से सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने प्रशांत किशोर के लगातार सरकार विरोधी बयानों पर कहा कि सरकार की आलोचना करना और इस्तीफा मांगना विपक्ष का काम है।
हालांकि, विपक्ष को केवल आलोचना तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उसे सरकार को रचनात्मक सलाह और बेहतर काम के लिए सुझाव भी देना चाहिए।
युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान
अरुण भारती ने कहा कि आज राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की जरूरत है। युवा अपनी ऊर्जा और रचनात्मक सोच का इस्तेमाल समाज और प्रदेश के विकास के लिए करें।
उन्होंने कहा कि राजनीति में आने वाले युवाओं को राजनीतिक समझ विकसित करने के साथ ही जनता की समस्याओं को समझना होगा। केवल विरोध की राजनीति के बजाय समाधान की दिशा में काम करना जरूरी है।
शेखपुरा में ही बनेगा प्रस्तावित मेडिकल काॅलेज
सांसद ने शेखपुरा में प्रस्तावित मेडिकल कालेज के मुद्दे पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज जिला मुख्यालय शेखपुरा में ही बनाया जाएगा।
इसके लिए प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और इस दिशा में काम चल रहा है। मेडिकल कालेज के निर्माण से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के अवसर भी बढ़ेंगे।
वंदे भारत के ठहराव की कोशिश तेज
शेखपुरा जंक्शन पर बनारस-देवघर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव को लेकर भी सांसद ने आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेन का ठहराव दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रयास जल्द सफल होगा। वंदे भारत के ठहराव से शेखपुरा के लोगों को पटना, बनारस और देवघर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पेपरलेस निबंधन का वसीका नबीस संघ ने किया विरोध
इधर, वसीका नबीस संघ ने शेखपुरा सहित पूरे बिहार में पेपरलेस निबंधन का विरोध किया है। संघ की ओर से इस संबंध में सांसद को लिखित आवेदन सौंपकर अपनी आपत्तियों से अवगत कराया गया।
संघ ने पेपरलेस निबंधन से जुड़ी अपनी समस्याओं और मांगों को सांसद के समक्ष रखा। सांसद ने मामले को लेकर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
