पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए लगा तांता, आज भरा जाएगा खोईछा
शेखपुरा। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन महासप्तमी को विभिन्न पूजा पंडालों में मां का पट खोल दिया गया।
शेखपुरा। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन महासप्तमी को विभिन्न पूजा पंडालों में मां का पट खोल दिया गया। पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महासप्तमी पर श्रद्धालुओं ने पूजा पंडालों में जाकर मां दुर्गा का दर्शन और पूजा-पाठ किया। इसके पहले मंगलवार को महासप्तमी पर विभिन्न पूजा-पंडालों में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। इस आयोजन के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं में प्राण-प्रतिष्ठा की गई। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद प्रतिमाओं का पट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। महासप्तमी पर विभिन्न पूजा-पंडालों में दिन भर पूजा-पाठ चलता रहा। महासप्तमी की पूजा के दौरान शेखपुरा तथा बरबीघा के विभिन्न पूजा पंडालों के साथ आस-पास के ग्रामीण इलाकों सिरारी, हथियावां, कटारी, अवगिल, चाडे, कोसुम्भा, लोहान, माहुली, केमरा, खखड़ा, कोसरा, गवय, मालदह आदि गांवों में भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा का दर्शन कर माता रानी की उपासना की। कई पूजा पंडालों में भजन-कीर्तन तथा जागरण का भी आयोजन किया गया। आज बुधवार को महाअष्टमी के दिन महागौरी की पूजा की जाएगी। महाअष्टमी पर महिलाएं सुख-समृद्धि के लिए मां दुर्गा के सामने खोईछा भरेंगी।