विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेखपुरा में पहली बार दो दिवसीय राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन, पर्यटन समेत कई मंत्री होंगे शामिल

Published: Wed, 26 Aug 2026 07:31 AM (IST)

शेखपुरा के कुशेढ़ी स्थित पंचवदन स्थान में पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा पहली बार दो दिवसीय राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन 27-28 अगस्त को होगा।

राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन

राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन

HighLights

  1. कुशेढ़ी में पहली बार दो दिवसीय राजकीय श्रावणी महोत्सव।

  2. पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन का संयुक्त आयोजन।

  3. सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिव तांडव, भक्ति भजन मुख्य आकर्षण।

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। बरबीघा प्रखंड के कुशेढ़ी स्थित पंचवदन स्थान में इस वर्ष सावन की आस्था और लोकसंस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यहां पहली बार राजकीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 

यह दो दिवसीय महोत्सव 27 और 28 अगस्त को होगा, जिसके लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है। जिलाधिकारी शेखर आनंद महोत्सव की तैयारी की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

महोत्सव का उद्घाटन 27 अगस्त को

महोत्सव का उद्घाटन 27 अगस्त को शाम पांच बजे होगा। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री डा. श्वेता गुप्ता और खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी भी अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। 

अशोक चौधरी ने मंदिर को सुसज्जित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आयोजन के दौरान दीप प्रज्ज्वलन, श्रावणी महोत्सव का उद्घाटन और अतिथियों का संबोधन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिव तांडव, भक्ति भजन, लोक संगीत और जागरण संगीत प्रमुख आकर्षण होंगे।

सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम

28 अगस्त की सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें शिव तांडव, झांकी, भक्ति भजन और लोक संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। कुशेढ़ी का पंचवदन स्थान धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है, जहां श्रद्धालु सावन के महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करने आते हैं। 

राजकीय स्तर पर श्रावणी महोत्सव के आयोजन से कुशेढ़ी को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।