ट्रेन की लगेज बोगी से सामान उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
शेखपुरा। चलती ट्रेन की लगेज बोगी से सामान उड़ाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव से आई आरपीएफ की स्पेशल टीम ने झारखंड पुलिस के साथ मिलकर शेखपुरा से मो. मिन्नत को गिरफ्तार किया है।
शेखपुरा। चलती ट्रेन की लगेज बोगी से सामान उड़ाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव से आई आरपीएफ की स्पेशल टीम ने झारखंड पुलिस के साथ मिलकर शेखपुरा से मो. मिन्नत को गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार मिन्नत गिरोह का सरगना है। मूल रूप से झारखंड के साहेबगंज का रहने वाला मिन्नत पिछले एक सप्ताह से शेखपुरा के बड़ी दरगाह मोहल्ले में अपने ससुराल में छिपा था। उसी घर में उसका ननिहाल भी है। पुलिस ने मिन्नत के मोबाइल फोन के लोकेशन की मदद उसे अपने कब्जे में लिया। मिन्नत जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहा था, वह शेखपुरा के ही कमिश्नरी मोहल्ले के युवक राजेश मंडल के नाम से जारी किया हुआ है। बताया गया कि मो मिन्नत ने फर्जीवाड़ा करके राजेश के नाम से मोबाइल फोन का सिम लिया था। इस अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली टीम में महाराष्ट्र जलगांव के आरपीएफ इंस्पेक्टर एसबी पाटील, प्रमोद सांगले के साथ झारखंड के साहेबगंज के पुलिस सब इंस्पेक्टर अजय यादव भी शामिल थे। मामले में शेखपुरा से कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। आरपीएफ की टीम मो मिन्नत को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद अपने साथ महाराष्ट्र ले गई है।
गिरोह में एक दर्जन युवक शामिल
मो मिन्नत के गिरोह में लगभग एक दर्जन युवक शामिल हैं। इसमें मिन्नत को मुख्य सरगना बताया गया है। बताया गया कि यह गिरोह चलती ट्रेन की लगेज बोगी से कीमती सामानों की चोरी करता था। यह गिरोह मुख्य रूप से महाराष्ट्र के जलगांव तथा मुंबई रूट पर घटना को अंजाम देता था। गिरोह के लोग चलती ट्रेन में ही लगेज बोगी को गैस कटर से काटकर कीमती सामान उड़ाते थे। जलगांव की आरपीएफ को इस गिरोह के सरगना का पता उसके मोबाइल फोन के नंबर से लगा। इसके बाद टीम के सरगना मिन्नत को दबोचने की रणनीति तैयार की गई। हर शहर के लिए रखता था अलग नंबर
मो मिन्नत अपनी असली पहचान छिपाए रखने के लिए कई सिम कार्ड और नंबर का इस्तेमाल करता था। वह जिस शहर और लोकेशन मे रहता था। वहीं का सिम कार्ड इस्तेमाल करता था। उसके द्वारा महाराष्ट्र,बंगाल,झारखंड तथा बिहार के अलग-अलग नंबर इस्तेमाल किया जा रहा था। शेखपुरा में राजेश मंडल के नाम से फर्जी तरीके से हासिल सिम का इस्तेमाल कर रह था। आरपीएफ इंस्पेक्टर एसबी पाटील ने बताया कि मिन्नत काफी शातिर है। उससे पूछताछ के आधार पर आगे और कार्रवाई की जायेगी।
नाटकीय ढंग से हुआ गिरफ्तार
अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना मो मिन्नत को शुक्रवार की शाम शेखपुरा में नाटकीय अंदाज मे गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम जब मिन्नत की खोज कर रही थी तब वह शेखपुरा से बाहर निकलने की फिराक में था। मिन्नत को खोजने के लिए पुलिस के साथ कुछ स्थानीय युवक भी लगे थे। इसी दौरान शहर से बाहर निकलने के लिए तरछा स्कूल के पास ऑटो पर चढ़ रहा था। तभी आरपीएफ तथा स्थानीय पुलिस के साथ युवाओं का दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस को देखकर मिन्नत भागने लगा। इसी दौरान युवकों के साथ मिलकर पुलिस ने मिन्नत को दबोच लिया।