Bihar: शेखपुरा में किसान की हत्या, सुप्तावस्था में बदमाशों ने कनपटी और कंधे में मारी गोली; लोगों में आक्रोश
शेखपुरा सदर प्रखंड के कुसुंभा गांव के किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार रात की है। किसान को परिवार के लोगों ने सुबह में मृत पाया। छानबीन करने पर कंधा और कनपटी में गोली लगी हुई मिली है।
शेखपुरा, जागरण संवाददाता। बिहार के शेखपुरा जिले मंगलवार की रात बदमाशों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला जिले के सदर प्रखंड के कुसुंभा ओपी के कुसुंभा गांव की है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय अशोक यादव के रूप में की गई है।
अपराधियों ने किसान की कनपटी और कंधे में गोली मारी है। परिवारवालों को सुबह घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने किसान को लहुलूहान पाया। परिवारवालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस की छानबीन में कंधा और कनपटी में दो गोली लगी हुई मिली। परिवार के लोगों ने बताया कि रात में घर से थोड़ी दूरी पर मवेशियों के रखने की जगह बथान पर वे सोने के लिए चले गए। सुबह में जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो उनको मृत पाया।
घटना का बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हत्या से नाराज ग्रामीणों के द्वारा शेखपुरा, शेखोपुरसराय, शाहपुर रोड को जाम कर दिया गया है। आक्रोशित लोग अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं ।
हंगाने की सूचना मिलने के बाद सदर थाना से इंस्पेक्टर एवं ओपी पुलिस मौके पर पहुंचे है। पुलिस ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन में पुलिस जुट गई है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।