बिहार में अभिनय और गायन में प्रतिभाओं की कमी नहीं- अभिनेत्री अक्षरा सिंह
बिहार में गायन तथा अभिनय क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के कलाकारों ने मुंबई सहित दुनिया भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कई कलाकारों ने अपने अभिनय कला से लोगों को प्रेरणा दी है।
जासं, शेखपुरा : बिहार में गायन तथा अभिनय क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के कलाकारों ने मुंबई सहित दुनिया भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कई कलाकारों ने अपने अभिनय कला से लोगों को प्रेरणा दी है। साथ ही साथ आज बेहतर मुकाम पर हैं। अभिनय और गायन के क्षेत्र में अपने भविष्य तलाशने वाले युवाओं को संघर्ष करने की जरूरत होती है। कभी नहीं हार मानने के संकल्प के साथ आने वाले लोग सफल हो रहे हैं। उक्त बातें बॉलीवुड की अभिनेत्री एवं गायिका अक्षरा सिंह ने कही। वे मंगलवार की शाम शेखपुरा जिले के बरबीघा में संतोष कुमार शंकू के देव शक्ति स्टूडियो का शुभारंभ कर रही थी।
इसके साथ ही वह मुंबई फिल्म जगत में प्रसिद्ध संगीतकार अविनाश झा घुँघरू के गांव बरबीघा के भदरथी भी पहुंची जहां गणेश उत्सव में शामिल हुई। मौके पर अक्षरा सिंह ने कहा कि बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों के गायन और अभिनय की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। बिहार के सांस्कृतिक धरोहर को इस तरह से संरक्षित करने में सभी को आगे आना चाहिए। बरबीघा जैसे शहर में इस तरह की पहल होने से गायन प्रतिभा को मंच मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व मुखिया नवीन सिंह, राहुल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।