बिहार में अब मडुआ और लेमन ग्रास से बढ़ेगी किसानों की कमाई, कृषि विभाग की नई पहल
कृषि विभाग बरबीघा में मडुआ और लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा दे रहा है ताकि किसानों की आय बढ़ाई जा सके।

मडुवा खेती का निरीक्षण करते जिला कृषि पदाधिकारी। (जागरण)
HighLights
मडुआ और लेमन ग्रास की खेती से किसानों की आय बढ़ेगी।
कृषि विभाग उन्नत खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण देगा।
प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार से जोड़कर नए विकल्प मिलेंगे।
संवाद सूत्र, बरबीघा। जिले में मडुआ और लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग प्रयासरत है। जिला कृषि पदाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर उन्नत एवं लाभकारी फसलों से जोड़ने की दिशा में पहल की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने माउर गांव पहुंचकर किसान शांति भूषण द्वारा करीब एक बीघे में की जा रही मडुआ की खेती का जायजा लिया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने खेती की तकनीक,उत्पादन,लागत और बाजार की संभावनाओं की जानकारी ली। कृषि विभाग के अनुसार मडुआ की उन्नत किस्म के बीज से एक एकड़ में करीब छह क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
जिसकी कीमत करीब 100 रुपये प्रति किलो तक है। मडुआ के आटे से बड़े पैमाने पर बिस्किट, नूडल्स और ओट्स सहित कई खाद्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं जिनकी विदेशों में भी मांग है।
स्वास्थ्य की दृष्टि से भी मडुआ को काफी लाभकारी माना जाता है। वहीं लेमन ग्रास और उससे निकलने वाले तेल की भी बाजार में काफी मांग है।
कई उत्पादों में तेल का होता है उपयोग
परफ्यूम, साबुन सहित सौंदर्य प्रसाधन के कई उत्पादों में लेमन ग्रास के तेल का उपयोग किया जाता है। इन फसलों को प्रसंस्करण और बेहतर बाजार से जोड़कर किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ खेती के नए विकल्प उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
कृषि विभाग के द्वारा आत्मा के माध्यम से जिले के पांच प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
मडुआ की खेती एवं उसके बाद होने वाली प्रोसेसिंग की जानकारी के लिए किसानों को हैदराबाद तथा लेमन ग्रास की खेती और प्रसंस्करण की जानकारी के लिए लखनऊ भेजा जाएगा।
प्रशिक्षण में उन्नत खेती से लेकर उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों के उन्नत खेती की ओर बढ़ने में बाजार की कमी बाधा नहीं बने इसके लिए विभाग हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि इस छोटे जिले मे मडुआ और लेमन ग्रास जैसी फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि के साथ कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार में सड़क-रेल प्रोजेक्ट्स में अब नहीं अटकेगा भूमि अधिग्रहण, नए MVR फॉर्मूले से समय पर पूरी होंगी योजनाएं
यह भी पढ़ें- बिहार में फसल बर्बाद हुई तो किसानों को मिलेगा सरकारी सहायता, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन
