नवादा-पटना एक्सप्रेस पैसेंजर में भीड़ से अफरातफरी, यात्रियों ने शेखपुरा में रोकी ट्रेन, 8 बोगियां देखकर भड़के
नवादा-पटना एक्सप्रेस पैसेंजर ट्रेन में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों ने बरबीघा में ट्रेन रोककर विरोध प्रदर्शन किया। यात्रियों ने कम बोगियों और रेलवे की मनमानी पर नाराजगी व्यक्त की।

ट्रेन रोककर पटरी पर बैठे यात्री। जागरण
HighLights
नवादा-पटना एक्सप्रेस में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों ने विरोध किया।
बरबीघा में यात्रियों ने ट्रेन रोककर रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया।
कम बोगियों और मनमानी को लेकर यात्रियों ने नाराजगी जताई।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। नवादा से शेखपुरा और बरबीघा होते हुए पटना जाने वाली एक्सप्रेस पैसेंजर ट्रेन में सोमवार की सुबह यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
ट्रेन में खड़े होने तक की जगह नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने बरबीघा में ट्रेन रोक दी और रेलवे ट्रैक पर बैठकर विरोध जताया। इस दौरान यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
करीब आधा घंटा तक ट्रेन रुकी रही। निर्धारित समय 7 बजे की जगह ट्रेन 7:30 बजे रवाना हुई। यात्रियों का आरोप था कि रेलवे की ओर से इस ट्रेन में लगातार मनमानी की जा रही है।
कभी ट्रेन में 12 बोगियां लगाई जाती हैं तो कभी घटाकर आठ कर दी जाती हैं। इस कारण काफी परेशानी होती है। लेकिन कोई देखने वाला नहीं है।
आठ बोगियां देख भड़के यात्री
सोमवार को यात्रियों की संख्या काफी अधिक होने के बावजूद ट्रेन में केवल आठ बोगियां थीं। इसके कारण यात्रियों को बेहद भीड़ के बीच सफर करना पड़ा।
कई यात्रियों ने कहा कि ट्रेन में स्थिति ऐसी थी कि उन्हें भेड़-बकरियों की तरह सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
विरोध कर रहे यात्रियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाए।
उनका कहना था कि चुनाव के समय क्षेत्र के लोगों की सुविधा और वोट बैंक को ध्यान में रखकर ट्रेन सेवा शुरू कराने की बात की गई, लेकिन अब यात्रियों की परेशानी की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया गया।
यात्रियों ने रेलवे से ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाने और नियमित रूप से पर्याप्त कोच उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसको लेकर बरबीघा स्टेशन प्रबंधक सुबोध कुमार ने कहा कि बोगी घटने, बढ़ने से उनका संबंध नहीं है।
