यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शिवहर में पहले किसान को धारदार हथियार से काटा, फिर गोली मार हत्या
शिवहर। बेखौफ अपराधियों ने शिवहर नगर थाना क्षेत्र के सरसौला खुर्द पंचायत अंतर्गत कोठिया गांव में सोये अवस्था में किसान देवेंद्र महतो (54) की हत्या कर दी।

शिवहर। बेखौफ अपराधियों ने शिवहर नगर थाना क्षेत्र के सरसौला खुर्द पंचायत अंतर्गत कोठिया गांव में सोये अवस्था में किसान देवेंद्र महतो (54) की हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले धारदार हथियार के प्रहार से सिर को कई जगह काटा। फिर कनपट्टी में गोली मारकर हत्या कर दी। गांव से सटे विषहर महारानी स्थान के पास स्थित खलिहान में अकेले सोये किसान की बेरहमी से हत्या बाद शव को मच्छरदानी में लपेट बिस्तर पर छोड़कर बदमाश फरार हो गए। रविवार की सुबह किसान का खून से सना शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना के बाद एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय और नगर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। वहीं सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम बाद शव को स्वजन को सौंप दिया। तत्काल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, मामले को भूमि विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच मृतक के पुत्र उमेश महतो के आवेदन पर नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। नगर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद ने बताया कि तत्काल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही हत्यारों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। इसी बीच एसपी डॉ. संजय भारती ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। साथ ही स्वजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की।
बताया गया हैं कि सरसौला खुर्द पंचायत अंतर्गत कोठिया वार्ड दस निवासी रामरतन महतो के पुत्र किसान देवेंद्र महतो की कोठिया विषहर महारानी स्थान के पास खलिहान हैं। वह खलिहान में ही अकेले सोते थे। शनिवार की रात वह खाना खाने के बाद खलिहान में सो गए। इसी बीच शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। सुबह जब पत्नी खलिहान में पहुंची तो उन्हें खून से सना पाया। इसके बाद कोहराम मच गया। वहीं शव देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
