Move to Jagran APP

आत्मा एवं परमात्मा के बीच का सेतु है योग: एसपी

शिवहर। स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग अहम है। वहीं यह आत्मा एवं परमात्मा के बीच सेतु के रुप में काम आता है। अगर आप सुखी एवं दीर्घायु जीवन जीना चाहते हैं तो योग को अपनाना ही होगा।

By JagranEdited By: Published: Fri, 21 Jun 2019 11:48 PM (IST)Updated: Mon, 24 Jun 2019 06:39 AM (IST)
आत्मा एवं परमात्मा के बीच का सेतु है योग: एसपी
आत्मा एवं परमात्मा के बीच का सेतु है योग: एसपी

शिवहर। स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग अहम है। वहीं यह आत्मा एवं परमात्मा के बीच सेतु के रुप में काम आता है। अगर आप सुखी एवं दीर्घायु जीवन जीना चाहते हैं तो योग को अपनाना ही होगा। एक कारण है कि आज पूरी दुनिया योग की दीवानी हो गई है। उक्त बातें एसपी संतोष कुमार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के मंच से शुक्रवार को कही। बताया कि हमलोग पुलिस महकमा वालों के लिए तो योग किसी वरदान से कम नहीं है। यह मानसिक एकाग्रता, तनावरोधी एवं शारीरिक सौष्ठव प्रदान करता है। लोगों से अपील की कि आज के व्यस्ततम जीवनशैली में योग संजीवनी है। कहा कि योग ने विश्व रंगमंच पर भारत को ऊंचा सम्मान दिलाया है वहीं यह भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संवाहक है। जिसे जीवंत रखना हर भारतीय का दायित्व है। मालूम हो कि तयशुदा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मुख्यालय स्थित समाहरणालय मैदान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन पूरी भव्यता के साथ किया गया। जिसका उद्घाटन एसपी संतोष कुमार, जिला गायत्री परिवार अध्यक्ष सीताराम सिंह, प्रसिद्ध समाजसेवी योगेंद्र प्रसाद, राजद प्रदेश महासचिव विजय कुमार महतो, वेदाचार्य राजन भास्कर एवं कार्यक्रम के तहत मुख्य सूत्रधार भारत स्वाभिमान सह पतंजलि योग समिति जिलाध्यक्ष सुभाषचन्द्र गुप्त ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सभी वक्ताओं ने योग की महत्ता का बखान किया। वहीं बताया कि हजारों वर्षों से चली आ रही योग की परंपरा न सिर्फ भारतीय संस्कृति की धरोहर है बल्कि मानवीय जीवन को अमरता की ओर ले जाने वाला है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ आत्मा का निवास होता है। अगर शरीर रुग्ण हो तो हम जीवन का सही अर्थ नहीं समझ पाएंगे और न ही उसका आनंद ले पाएंगे। बताया कि मानव जीवन ईश्वर की अमूल्य देन है। हमारा दायित्व है कि हम इस इश्वरीय वरदान को संभाल कर रखें। इसकी अनदेखी करते हैं तो एक मायने में हम पाप के भागीदार भी हैं। - दिखाए गए योग के गुर योग दिवस के अवसर पर आयोजित निशुल्क योग शिविर में जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र गुप्त ने योग द्वारा विभिन्न असाध्य बीमारियों के उपचार की विधियां बताईं। वहीं बताया कि नियमित योग करने से मनुष्य दीर्घायु को प्राप्त होता है वहीं संसार के समस्त सुखों का भागीदार बनता है। इस दौरान मस्तिष्क रोग, तंत्रिका तंत्र, डायबिटीज, पेट रोग एवं श्वास संबंधी रोगों पर विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि डायबिटीज के मरीजों को शर्करायुक्त खाद्य पदार्थ से दूर रहना चाहिए। वहीं आज गैस की बीमारी आम हो गई है। जिसकी मुख्य वजह वर्जित अखाद्य पदार्थो का सेवन है। जिससे अनेक तरह की बीमारियां होती हैं। समय पर भोजन लेने एवं पानी पीने की सलाह दी गई। - कई रोगों का शमन करता है कपालभाति मंच से बताया गया कि योगऋषि बाबा रामदेव ने योग को वैसे ही सर्वसुलभ बना दिया है जैसे गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस को सर्वग्राह्य बना दिया। कहा कि कपालभाति एक ऐसा प्राणायाम है जिससे दर्जनों तरह की बीमारियां पास नहीं फटकती हैं। इसके अलावा अनुलोम विलोम, भस्त्रिका, भ्रामरी का अभ्यास करने से गुणात्मक लाभ होता है। आसन व्यायाम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मंडूकासन, वक्रासन पवनासन, उत्तानपादासन, नौकासन, सेतुबंधासन, सूर्य नमस्कार एवं जॉगिग का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। - आयुर्वेद के उपयोग पर दिया बल योग मंच से घोषणा की गई कि मानव का वनस्पतियों के साथ आदि काल से संबंध रहा है। इसीलिए हम खाद्य पदार्थ एवं औषधि के रूप में वनस्पतियों का विशेष उपयोग करते हैं। कहा कि एलोपैथिक दवाईयां जितना लाभ पहुंचाती हैं उसके मुकाबले उतनी ही मात्रा में शरीर को नुकसान भी पहुंचाती हैं। इसलिए हमें चाहिए कि हम आयुर्वेद का अधिकाधिक प्रयोग करें। इस दौरान गिलोय, लौकी का जूस, आंवला, सहित अन्य औषधियों का गुणों का बखान किया गया। - योग शिविर में सजी संगीत की सुर लहरी विश्व योग दिवस के अवसर पर संगीत की छटा भी देखने को मिली जहां जिले के ही गायक प्रभंजन कुमार ने राष्ट्रीय गीत एवं भक्तिपरक गानों से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं भक्ति भाव का संचार कर दिया। चूंकि योग दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था इसलिए आयोजन स्थल पर योग प्रेमियों की भारी भीड़ देखी गई जहां करीब एक हजार लोगों ने एक साथ आसन व्यायाम प्राणायाम के गुर सीखे। जिसमें पुरुष, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, छात्र, युवा, मजदूर, किसान, व्यवसायियों सहित सभी वर्ग एवं संप्रदाय के लोगों को बड़ी तन्मयता से योग करते देखा गया। मंच से घोषणा की गई कि आज योग दिवस के मौके पर सभी शपथ लें कि आज से खुद के लिए एकाध घंटे का वक्त जरूर निकालेंगे। मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी विष्णु देव कुमार रंजन, विश्व हिदू परिषद जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय, बार एसोसिएशन जिलाध्यक्ष शिशिर कुमार, भाजपा महामंत्री रामकृपाल शर्मा, जिला प्रवक्ता विनय कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश कुमार राजू, पूर्व नपं उपाध्यक्ष वकील प्रसाद गुप्ता, पूर्व जिप सदस्य अजबलाल चौधरी, पूर्व सीडब्ल्यूसी सदस्य जितेंद्र कुमार सिंह, उमेशनंदन सिंह, संजय विश्वकर्मा, अधिवक्ता राजेश मिश्रा, योगेंद्र प्रसाद गुप्ता, हरिद्वार पटेल, सुबोध कुमार सिंह, संतोष गुप्ता श्याम किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.