विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवहर की टीचर नुसरत जहां को 'बिहार केसरी सम्मान', मंत्री श्रवण से बोलीं- ये मेरे लिए गौरव और प्रेरणा का पल

Published: Thu, 17 Sep 2026 06:47 PM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2026 07:04 PM (IST)

पिपराही प्रखंड की उच्च माध्यमिक विद्यालय कमरौली की प्रधानाध्यापिका नुसरत जहां को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बिहार केसरी सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया है।

शिक्षिका नुसरत जहां को शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला बिहार केसरी सम्मान

शिक्षिका नुसरत जहां को शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला बिहार केसरी सम्मान

HighLights

  1. प्रधानाध्यापिका नुसरत जहां को बिहार केसरी सम्मान-2026 से नवाजा गया।

  2. शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों में उनके उत्कृष्ट कार्य को सराहा गया।

  3. मंत्री श्रवण कुमार ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।

जागरण संवाददाता, शिवहर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पिपराही प्रखंड की उच्च माध्यमिक विद्यालय कमरौली की प्रधानाध्यापिका नुसरत जहां को बिहार केसरी सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर सरगम कला एवं समाज कल्याण मंच की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में नुसरत जहां को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, विद्यालय में शैक्षणिक एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए बिहार केसरी सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह के दिन नुसरत जहां किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सकी थीं। इसी वजह से उन्हें यह सम्मान बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जदयू नेता श्रवण कुमार के हाथों प्रदान किया गया।

Bihar Teacher Nusrat Jahan

'बेहतर कार्य करने की प्रेरणा'

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में आयोजित इस सम्मान के अवसर पर नुसरत जहां ने सम्मान को अपने लिए गौरव के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया।

उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और समाज में शिक्षा एवं जागरूकता की भावना को मजबूत करना है।

नुसरत जहां द्वारा विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी जाती रही है। विद्यार्थियों को बाल श्रम, साइबर सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करने की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।

विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया है।

इस सम्मान के लिए नुसरत जहां ने सरगम कला एवं समाज कल्याण मंच तथा संस्था से जुड़े ब्रजमोहन चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं उन सभी लोगों के लिए सम्मान है, जो शिक्षा और समाज के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।