बोल बम के नारों से गूंजा देकुली धाम
सावन माह के तीसरे सोमवारी को प्रसिद्ध देकुली धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भुनेश्वर नाथ महादेव पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।
शिवहर। सावन माह के तीसरे सोमवारी को प्रसिद्ध देकुली धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भुनेश्वर नाथ महादेव पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इस दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। साथ ही श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही रंग बिरंगे परिधानों में भक्तों की टोली देकुली धाम पहुंचने लगे थे। डुबबा घाट स्थित बागमती नदी में स्नान कर जल लेकर बोल बम के नारों के साथ बाबा भुनेश्वर नाथ महादेव पर जलाभिषेक कर पुजा अर्चना की।मंदिर परिसर के साथ आसपास का क्षेत्र बोल बम के नारों से गूंजता रहा। प्रशासन ने भी भीड को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग अलग कतारे लगायी गयी थी। वहीं चार सीसीटीवी कैमरे से पूरा मंदिर परिसर व मेले की हलचलों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने मंदिर परिसर में ही एक कंट्रोल रूम की स्थापना की है। जहा, सीओ सुधीर कुमार व थानाध्यक्ष सुजीत कुमार लगातार मौजूद थे। महिला श्रद्घालाओं के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए गए थे। जगह जगह पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी की भी तैनाती की गई थी। अनुमान है कि करीब पचास हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। साथ ही पिपराही बजार स्थित नर्मदेश्वर महादेव, अंबा ओझा टोला के अमरेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।