नेपाल में बाढ़ से शिवहर में हाई अलर्ट, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के चलते गंडक नदी में संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर शिवहर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है।
-1787763736104_m.webp)
बागमती की बढ़ा जलस्तर। (जागरण)
HighLights
नेपाल बाढ़ से गंडक में संभावित फ्लैश फ्लड का खतरा।
शिवहर प्रशासन, एनडीआरएफ टीमें हाई अलर्ट पर, छुट्टियां रद्द।
बागमती नदी का जलस्तर गिरा, पर सतर्कता जारी।
जागरण संवाददाता, शिवहर। पड़ोसी देश नेपाल में आए भीषण बाढ़ के चलते गंडक नदी में संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर शिवहर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है।
जिला प्रशासन, बागमती प्रमंडल और एनडीआरएफ की टीमें एक्शन व अलर्ट मोड में है। शिवहर में बागमती तटबंध और नदी के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
प्रखंडों में बीडीओ-सीओ व थानाध्यक्षों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इस बीच शिवहर एसपी शैलेंद्र सिंह ने संभावित बाढ़ के मद्देनजर अगले आदेश तक सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी है।
इधर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार को वीसी के माध्यम से डीएम-एसपी के साथ बैठक की। जिसमें बाढ़ की स्थिति में तमाम तैयारी करने के लिए निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की अग्रिम तैनाती एवं व्यापक तैयारियों के निर्देश दिए। बताया गया कि फ्लैश फ्लड का उच्च जोखिम पूर्वानुमानित है।
वहीं कोसी, बागमती एवं गंडक कैचमेंट के कई अन्य क्षेत्रों में मध्यम जोखिम का पूर्वानुमान है। ऐसे में डीएम-एसपी को सतर्क रहने तथा आवश्यक बचाव एवं राहत तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा स्थानीय समुदाय को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम को संभावित प्रभावित आबादी के लिए पर्याप्त नावों की व्यवस्था, सुरक्षित निकासी, शेल्टर एवं सामुदायिक रसोई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर समय रहते पहुंचाने की पूरी तैयारी रखने को कहा गया। जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण एवं निगरानी करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जल संसाधन पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा तटबंधों सहित जल संसाधन संरचनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इधर, जल संसाधन विभाग के अनुसार बागमती नदी के जलस्तर में गिरावट हो रही है। बुधवार की शाम बागमती नदी के डुब्बाघाट स्थित गेज पर पांच सेंटीमीटर की गिरावट के साथ जलस्तर 59.78 मीटर दर्ज किया गया है।
लाल निशान के नीचे बह रही बागमती
तत्काल बागमती नदी लाल निशान से 1.55 मीटर नीचे बह रही है। जल संसाधन विभाग की बागमती प्रमंडल के अनुसार तत्काल जिले में बाढ़ का खतरा नहीं हैं। नेपाल में आए बाढ़ का प्रभाव गंडक नदी वाले क्षेत्र में पड़ेगा। बावजूद इसके बागमती प्रमंडल की टीमें अलर्ट हैं।
उधर, शिवहर जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक संसाधनों एवं बचाव दलों को अग्रिम रूप से तैयार किया जा रहा है।
आम नागरिकों से अपील में कहा गया हैं कि घबराएं नहीं, लेकिन संभावित बाढ़ की स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
तटबंधों एवं जल संसाधन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण संरचनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। वहीं नदी के किनारे व कटाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ में 105 भारतीयों समेत 500 पर्यटक लापता, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर; भारत ने भेजी मदद
