शिवहर में व्यवसायी पर कातिलाना हमला और लूट मामले में मुजफ्फरपुर का बदमाश गिरफ्तार
शिवहर में व्यवसायी पर जानलेवा हमला और लूट मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुजफ्फरपुर से राजा उर्फ राजा ...और पढ़ें

शिवहर में प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी शैलेंद्र सिंह। साथ में मौजूद एसडीपीओ अनुशील कुमार सहित पुलिस टीम। फोटो सौ. जागरण
HighLights
व्यवसायी पर जानलेवा हमला और लूट मामले का खुलासा।
मुजफ्फरपुर से राजा उर्फ राजा बाबू लूटे गए मोबाइल संग गिरफ्तार।
गिरफ्तार बदमाश का आपराधिक इतिहास, अन्य की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, शिवहर। Sheohar Loot Case: एसपी शैलेंद्र सिंह द्वारा गठित टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव में छापेमारी कर व्यवसायी पर कातिलाना हमला और लूट मामले का उद्भेदन किया है।
पुलिस ने लूटी गई चार मोबाइल हैंडसेट के साथ राजा उर्फ राजा बाबू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की स्कूटी और एक मोबाइल भी जब्त की गई है।
गोली मारकर की थी लूट
आठ अगस्त की रात तरियानी थाना क्षेत्र के मरहल्ला गांव के समीप बदमाशों ने मुजफ्फरपुर के तुर्की स्थित दुकान बंद कर घर लौट रहे मीनापुर थाना क्षेत्र के बेलाही लच्छी गांव निवासी सचिन कुमार, रंजीत कुमार और रजित कुमार को घेर लिया था।
बदमाशों ने हथियार के बल पर 16 मोबाइल हैंडसेट और डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी सचिन कुमार को गोली मारकर जख्मी कर दिया था।
घटना के उद्भेदन के लिए एसपी ने एसआइटी का गठन किया था। इसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार, तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता और डीआइयू की टीम को शामिल किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
निशानदेही पर छापेमारी जारी
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने राजा उर्फ राजा बाबू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे रैकेट का पता लगाने के लिए अभियान चला रही है।
एसपी शैलेंद्र सिंह ने बुधवार शाम समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
तुर्की में दुकान
व्यवसायी सचिन कुमार मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के बेलाही लच्छी गांव के रहने वाले हैं। तुर्की में उनकी दुकान है और दुकान बंद करने के बाद घर लौटते समय उनका रास्ता शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के मरहल्ला गांव से होकर गुजरता है।
बदमाशों ने इसी रास्ते में मरहल्ला गांव के समीप वारदात को अंजाम दिया था। प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ अनुशील कुमार और तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।
