शिवहर में 3000 नहीं देने पर मानदेय में कटौती! महिला होमगार्ड की पिटाई, वर्दी फाड़ी
शिवहर में मानदेय कटौती की शिकायत लेकर होमगार्ड कार्यालय पहुंची महिला होमगार्ड की पिटाई कर वर्दी फाड़ दी गई। महिला ...और पढ़ें

होमगार्ड कार्यालय पहुंची महिला होमगार्ड।
HighLights
मानदेय कटौती की शिकायत पर महिला होमगार्ड की पिटाई।
होमगार्ड डीएसपी सहित पांच पर मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश दिए।
संवाद सहयोगी, शिवहर। मानदेय से सात दिनों की राशि की कटौती का शिकायत लेकर होमगार्ड कार्यालय पहुंची महिला होमगार्ड की पिटाई कर वर्दी फाड़ दिए गए।
वहीं गाली-गलौज भी की गई। महिला होमगार्ड का आरोप हैं कि होमगार्ड डीएसपी सहित कार्यालय के कर्मियों द्वारा उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।
मीना देवी महिला होमगार्ड की सूचना के बाद पुत्र सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज किया गया।
घटना की बाबत महिला होमगार्ड ने महिला थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। जिसमें होममार्ड समादेष्टा रवि कुमार रुद्रा, कंपनी कमांडर प्रभात कुमार, होमगार्ड जवान सुधीर कुमार व विश्वनाथ राम तथा आपरेटर राकेश कुमार को आरोपित किया है।
महिला थाने में दिए गए आवेदन में बताया हैं कि वह नगर परिषद में प्रतिनियुक्त है। उससे मानदेय भुगतान के लिए हर दो माह पर तीन हजार रुपये की डिमांड की जाती रही है। नहीं देने पर समादेष्टा व आपरेटर द्वारा परेशान किया जाता रहा है।
पैसे नहीं देने पर होमगार्ड जवान सुधीर कुमार व विश्वनाथ राम तथा आपरेटर राकेश कुमार द्वारा ड्यूटी से हटाने की धमकी दी जाती रही है। इस बीच उसके मानदेय में सात दिन की राशि की कटौती कर दी गई।
इसकी शिकायत लेकर वह बुधवार तीन बजे होमगार्ड कार्यालय पहुंची । जहां समादेष्टा ने तीन हजार रुपये नहीं देने के चलते मानदेय में कटौती की बात कही।
विरोध जताने पर भद्दी-भद्दी गालियां दी। साथ ही समादेष्टा सहित आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। वहीं महिला होमगार्ड की पिटाई करते हुए वर्दी फाड़ दिए।
महिला होमगार्ड ने बताया कि मारपीट व गाली-गलौज के साथ समादेष्टा सहित आरोपितों ने धमकी भी दी।
मामले में महिला थानाध्यक्ष ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
जबकि होमगार्ड समादेष्टा रवि कुमार रुद्रा ने बताया कि उक्त महिला होमगार्ड आदतन उद्दंडता करती रही है। तीन महीने से कर्तव्यपालन में कोताही बरती जा रही है।
उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करती रही है। वह अक्सर कार्यालय में पहुंचकर गाली-गलौज करती रही है। साथ ही हंगामा करती रही है। इसकी जानकारी जिलाधिकारी व एसपी को भी दी गई थी।
उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का भी आदेश प्राप्त हुआ था। इसी आवेश व आक्रोश में आकर वह अक्सर हंगामा करती रही है। हाल ही में
दुर्गा पूजा में ड़यूटी लगाई गई थी। लेकिन उसने ड्यूटी लेने से इन्कार कर दिया था। इसके लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उसने नोटिस लेने से भी इनकार कर दिया था।
बाद में वह कार्यालय में आकर हंगामा करने लगी। हंगामे की वीडियो को जिलाधिकारी व एसपी को भेजा गया था। समादेष्टा ने कहा कि महिला होमगार्ड जवान द्वारा भय बनाने का दबाव बनाया जा रहा है। उसके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है।
जबकि, एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि महिला होमगार्ड द्वारा महिला थाने में आवेदन दिया गया हैं। आवेदन के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही हैं। जो भी दोषी पाए जाएंगे, कार्रवाई की जाएगी।
