सावन के अंतिम रविवार और एकादशी के संयोग पर शिवहर के देकुली धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
Bihar Shiv Temple: सावन के अंतिम रविवार और एकादशी के दुर्लभ संयोग पर शिवहर के देकुली धाम में श्रद्धालुओं का ...और पढ़ें

बोल बम के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, शिवहर। Dekuli Dham Sheohar: सावन के अंतिम रविवार और एकादशी के दुर्लभ संयोग पर ऐतिहासिक बाबा भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर देकुली धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
अलसुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
शिवहर के स्थानीय भक्तों के साथ सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, पटना और पड़ोसी देश नेपाल से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

नेपाल से लाए जल
कई भक्त जहां पटना से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे थे, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु नेपाल स्थित नूनथर पहाड़ से पवित्र जल लेकर जलाभिषेक के लिए आए।
देकुली धाम में सावन के प्रत्येक रविवार को जलाभिषेक करने की पौराणिक और विशेष परंपरा रही है। सावन के अंतिम रविवार को लेकर मंदिर परिसर में मुंडन, उपनयन संस्कार, महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक के भी व्यापक आयोजन किए गए।

दो अलग अरघा व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुगमता को ध्यान में रखते हुए इस बार गर्भगृह के मुख्य द्वार पर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग दो अरघा लगाए गए हैं।
पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पश्चिमी हिस्से में हाईवे सरोवर व भैरव बाबा मंदिर के समीप से प्रवेश तथा पूर्वी गेट से निकास का प्रबंध किया गया। महिला श्रद्धालुओं को पूर्वोत्तर गेट से प्रवेश देकर पूर्वी भाग से सुगम निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
देकुली धाम मंदिर से लेकर डुब्बाघाट तक सुरक्षा के बेहद चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में स्थापित नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय रहा और वहां मेडिकल व एसडीआरएफ की टीमें भी मुस्तैद दिखीं। पूरे मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों की 33 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
अधिकारी व पुलिस तैनात
व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तीन शिफ्टों में 200 प्रशासनिक अधिकारी, 350 पुलिस बल और 100 से अधिक वालंटियर तैनात रहे।
देकुली धाम पुलिस पिकेट में तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान भी पूरे समय पूरी तरह एक्शन मोड में रहे। इसके अतिरिक्त दंडाधिकारियों की निगरानी में श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन व जलाभिषेक कराया गया।
