बिहार में नौकरी का सपना दिखाकर रुपये ऐंठती थीं ‘लुटेरी’ महिलाएं, शिवहर में गिरोह का पर्दाफाश
शिवहर साइबर पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी देते एसपी शैलेंद्र सिंह, साथ में डीएसपी साइबर ईशानी सिन्हा। जागरण
संवाद सहयोगी, शिवहर। डीएसपी साइबर ईशानी सिन्हा के नेतृत्व साइबर पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाली महिलाओं के गिरोह का उद्भेदन किया है। साथ ही इस अंतरजिला गिरोह में शामिल चार महिला व उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। वहीं चार मोबाइल, छह पहचान पत्र, दो बोतल लिक्विड, दो मिनी बुक व एक कंपनी का वेलकम लेटर जब्त किया है।
गिरफ्तार लोगों में तरियानी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर निवासी गुडिया कुमारी, इसी गांव की रौशनी कुमारी, तियानी छपरा थाना क्षेत्र की विशंभरपुर निवासी शिवदुलारी कुमारी, पूर्वर चंपारण जिले के घोड़ासहान थाना क्षेत्र के गिद्धवाना निवासी प्रभा देवी के अलावा पिपराही थाना क्षेत्र के अंबाकला निवासी राम स्वार्थ साह व पुरनहिया थाना क्षेत्र के सोनौल सुल्तान निवासी आनंद सिंह शामिल है।
सोमवार की शाम समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शैलेंद्र सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि डफिन ट्रेचल मार्केटिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी दिलाने के नाम पर ये लोग पहले लोगों को झांसा देते है फिर रुपये ठगते है।
हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता निवासी जुनैदा खातून नामक महिला को झांसा देकर उक्त लोगों ने 7100 रुपये की ठगी कर ली। जुनैदा खातून द्वारा शिवहर साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया।
इसके आलोक में एसपी शैलेंद्र सिंह ने डीएसपी साइबर ईशानी सिन्हा के नेतृत्व में एक टीम गठित की। इस टीम ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि यह गिरोह फर्जी कागजात तैयार कर नौकरी के नाम पर रुपयों की ठगी करते है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस गिरोह में शामिल अन्य की भी शीघ्र गिरफ्तारी कर पूरे रैकेट का उद्भेदन किया जाएगा।
एसपी श्री सिंह ने आम जनता के नाम अपील में कहा नौकरी दिलाने, घर बैठे अधिक पैसे कमाने, कम समय में अधिक लाभ दिलाने के किसी भी प्रकार के प्रलोभन में नहीं फंसे।
ऐसे प्रस्तवों की प्रमाणिकता व सत्यता की जांच किए बगैर किसी भी प्रकार की राशि का भुगतान नहीं करें। मौके पर साइबर डीएसपी ईशानी सिन्हा मौजूद रही।
