आदित्य हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बवाल, जाम
शिवहर । जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में आदित्य कुमार सिंह उर्फ पिकू सिंह (
शिवहर । जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में आदित्य कुमार सिंह उर्फ पिकू सिंह (18) की चाकू गोदकर हत्या मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से मंगलवार को स्वजन समेत ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। नाराज लोगों ने प्रखंड मुख्यालय पिपराही में शिवहर- चंपारण स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। वहीं टायर जलाकर आक्रोश जताया। नाराज लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं घंटों उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस पर आरोपितों के साथ मिलीभगत का आरोप भी लगाया। पुलिस की टीम कई बार आक्रोशितों को शांत करने पहुंची। लेकिन, नाराज लोगों ने उनकी एक न सुनी। बाद में प्रशिक्षु डीएसपी सह पिपराही थानाध्यक्ष साकेत कुमार ने अविलंब आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। इधर, प्रदर्शन के चलते स्टेट हाईवे पर चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। साथ ही आते-जाते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डीजे के विवाद में होली के दिन मारी गई थी आदित्य को चाकू
पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में 29 मार्च को होली के दिन डीजे बजाने को लेकर ग्रामीण चिकित्सक डॉ. उपेंद्र सिंह के इकलौते पुत्र आदित्य कुमार सिंह उर्फ पिकू सिंह का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इस दौरान उक्त युवकों ने मिलकर पहले पिकू सिंह की बेरहमी से पिटाई की। वहीं चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। पेट समेत शरीर के कई हिस्सों से प्रहार कर पिकू सिंह को अधमरा कर आरोपित भाग निकले। स्वजनों द्वारा इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। स्वजनों द्वारा उसे सीतामढ़ी के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। लेकिन, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। 30 मार्च को मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गई थी। इसके बाद स्वजनों में कोहराम मच गया था।
एक को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल : आदित्य के पिता डॉ. उपेंद्र सिंह द्वारा पिपराही थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें विभू ठाकुर समेत पांच पर हत्या का आरोप लगाया था। पिपराही थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी साकेत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 मार्च को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गांव के ही विभू ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, अन्य आरोपित अब तक फरार चल रहे है।