शिवहर में सड़क हादसा, एक की मौत, दो लोग जख्मी
Sheohar News घटना हाईवे के डुब्बाघाट के पास की। तेज रफ्तार बनी घटना की वजह दो बाइकों की आमने-सामने की हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत। घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।
शिवहर, जासं। शिवहर-सीतामढ़ी हाईवे के डुब्बाघाट के पास रविवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुए हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान पिपराही थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी संजय महतो के पुत्र महेश महतो (50) के रूप में की गई है। जबकि, घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल से एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत बेहद चिंताजनक बताई गई है।
गांव में मातम पसरा
इधर, पिपराही थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करा महेश महतो के शव को उसके स्वजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है। नवरात्र के उत्सव के बीच हादसे में मौत की खबर के बाद गांव में मातम पसर गया है। बताया गया हैं कि महेश महतो अपनी बाइक पर सवार होकर अपने गांव हरपुर से शिवहर की ओर जा रहे थे। जबकि, एक बाइक पर सवार होकर दो युवक परसौनी की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक की तेज रफ्तार बाइक महेश महतो की बाइक से टकरा गई। इसके चलते तीनों सड़क पर गिर पड़े। वहीं दोनों की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने महेश महतो को मृत करार दिया। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। वहीं दोनों की बाइक जब्त कर ली।
पोखर में डूबने से किशोर की मौत
बाजपट्टी। थाना क्षेत्र के पचरा गांव में रविवार को पोखर में नहाने के दौरान डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। उसकी पहचान सुरसंड थाना क्षेत्र के बखरी गांव निवासी सुरेश राय के 13 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में की गई है। सूचना मिलते ही सीओ भोगेंद्र यादव, एएसआई देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार रंजन अपने ननिहाल पचरा गांव में आया हुआ था। इसी दौरान अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए पास के पोखर में चला गया। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बच्चों ने इसकी सूचना उसके स्वजनों को दी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों द्वारा शव को बाहर निकाला गया।