शिवहर में पिंक स्कूटी सवार पुलिस दीदियों ने किया रूट मार्च, छात्राओं को किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शिवहर में 'पुलिस दीदियों' ने पिंक हेलमेट पहनकर रूट मार्च किया और छात्राओं को महिला ...और पढ़ें

अभियान के दौरान शिवहर पुलिस की अभया ब्रिगेड विभिन्न विद्यालयों में भी पहुंची। फोटो: जागरण
संवाद सहयोगी, शिवहर। Sheohar Abhaya Brigade: महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए शिवहर में पुलिस दीदियां सड़कों पर उतरीं।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर पिंक हेलमेट पहनकर स्कूटी पर सवार पुलिस दीदियों ने शहर में व्यापक रूट मार्च किया। इस रूट मार्च को देखकर बाजार और सड़कों पर मौजूद किशोरियों व महिलाओं में सुरक्षा का स्पष्ट अहसास देखा गया।
सड़कों पर रूट मार्च
अभियान के दौरान शिवहर पुलिस की अभया ब्रिगेड विभिन्न विद्यालयों में भी पहुंची। वहां उन्होंने छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस टीम ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी स्थिति में डरने की तनिक भी आवश्यकता नहीं है।
विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम
छात्राओं को बताया गया कि उनकी सुरक्षा के लिए अभया ब्रिगेड शहर में लगातार गश्त लगा रही है। टीम के सदस्य प्रमुख बाजारों, मॉल और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर भ्रमणशील रहकर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।
किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा होने पर यह टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।
सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी
एसपी ने बताया कि बिहार पुलिस की 'पुलिस दीदी' पहल के तहत स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत महिला पुलिसकर्मी छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और कानूनी प्रावधानों से अवगत करा रही हैं।
इसके साथ ही बच्चों को सोशल मीडिया के खतरों, साइबर अपराधों और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के उपायों की भी सीख दी जा रही है।
