हमर नाम सूची में से छांट दिया है, सर
जिले में आई प्रलयंकारी बाढ़ के बाद प्रभावितों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि के लिए सर्वेक्षण कार्य जोरों पर है।
शिवहर। जिले में आई प्रलयंकारी बाढ़ के बाद प्रभावितों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि के लिए सर्वेक्षण कार्य जोरों पर है। इसमें कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं जिसके निवारण हेतु सरल जांच कर योग्य लाभुकों की सूची बनाई जा रही है। उक्त कार्य की वस्तुस्थिति जानने को डीएम अरशद अजीज ने प्रखंड के सुगिया, परदेशिया एवं खैरवा दर्प गांवों का निरीक्षण किया। बाढ़ प्रभावितों से रुबरु हुए। राहत शिविरों में प्रदत्त सुविधाओं का फ़ीडबैक लिया। फिलवक्त के हालात पूछे। इस दौरान कई लोगों ने समवेत स्वर में कहा कि हमरा नाम सूची में से छांट दिया है, सर । इस पर गंभीर डीएम ने कहा कि ऐसा नहीं है। जो भी बाढ़ से प्रभावित हैं जिसका घर प्रभावित हुआ है सभी को लाभ दिया जाना तय है। कहा कि बाढ़ की जद में आए घर , मकान दालान के साथ तस्वीर लेकर संबंधित अधिकारी एवं कर्मी से मिलें । त्रुटियों को दूर किया जाएगा। वहीं चेतावनी दी कि अगर सचमुच प्रभावित व्यक्ति का नाम किसी पूर्वाग्रह या अन्य कारणों से छोड़ दिया गया तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मी पर कार्रवाई होगी। मौजूद लोगों को भरोसा दिया कि मेरे द्वारा जांच का मकसद यही है कि एक भी बाढ़ प्रभावित सहायता अनुदान से वंचित नहीं रहेगा। मौके पर सहायक डीएम काथवते मयूर अशोक, एसडीओ आफाक अहमद, बीडीओ तौकीर हाशमी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।