कोरोना के बीच बेहतर काम करने वालों को मिला सम्मान
मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के संवाद कक्ष में रेड क्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया।
शिवहर। मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के संवाद कक्ष में रेड क्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया। अध्यक्षता सोसायटी जिला अध्यक्ष सह डीएम अवनीश कुमार सिंह ने की। स्वागत भाषण सोसायटी जिला सचिव गिरीश नंदन सिंह प्रशांत ने दिया वहीं रेड क्रॉस सोसायटी के गठन के उद्देश्य व कार्यों की विशद जानकारी दी। कहा कि विषम व विकट परिस्थितियों में पीड़ित मानवता को त्वरित सेवा एवं सहायता पहुंचाना ही इसका प्रमुख ध्येय है। इस दौरान कोरोना काल में बेहतर सहायता पहुंचाने के लिए गांव विकास मंच अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य सदस्यों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह ने मंच के द्वारा किए गए कार्यों एवं संभावित योजनाओं पर प्रकाश डाला। डीएम ने गांव विकास मंच के समर्पण भाव से उत्कृष्ट सेवा कार्य की सराहना की। वहीं उसे अनुकरणीय बताया। इस दौरान रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से मंच के 10 सदस्यों को हाइजीन किट भी दिए गए। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि गांव विकास मंच रूढि़वादिता एवं भ्रम निवारण की दिशा में बेहतर काम कर रहा। वहीं महिला जनप्रतिनिधियों में आत्मविश्वास बढ़ाने को आयोजित विविध कार्यक्रम सराहनीय है। मौके पर एडीएम शंभूशरण, डीडीसी मो. वारिस खान सहित अन्य ने अपने विचार रखे। गांव विकास मंच अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी अधिकारियों को जगत जननी मां सीता की प्राकट्य की तस्वीर बतौर मोमेंटो समर्पित किया। संचालन रेड क्रॉस सोसायटी जिला उपाध्यक्ष अजबलाल चौधरी ने किया।