सुरगाही में पहुंचे सरकार तो खत्म हुआ इंतजार
सुबह से ही सुरगाही गांव की हर गलियां गुलजार हो गई थी। सुबह सवेरे से अपने-अपने घरों के आगे महिलाएं रंगोली बनाने में जुटी हुई थी।
शिवहर। सुबह से ही सुरगाही गांव की हर गलियां गुलजार हो गई थी। सुबह सवेरे से अपने-अपने घरों के आगे महिलाएं रंगोली बनाने में जुटी हुई थी। जबकि गांव व आसपास से पहुंच रहे लोग सूबे के मुखिया नीतिश कुमार का इंतजार कर रहे थे। सभी जगहों पर अपने सरकार के स्वागत को लेकर लोगों में उत्साह भी सिर चढ़ कर बोल रहा था। जबकि गांव में सुबह से ही उत्सवी माहौल कायम था। गांव की किसी गलियों को साफ किया जा रहा था। तो लोग अपने घरों एवं अपने द्वार को चकाचक करने में जुटे थे। सड़क के किनारे बने घरों के पर्दे भी बदले से नजर आ रहे थे। कई में तो नए पर्दे भी लटक रहे थे। पता नही सरकार किस के घर में पहुंच जाएं और उनका कुशल क्षेम पूछ बैठे।
इंतजार की इंतहा हुई खत्म
दिन के करीब डेढ़ बज रहे थे। लोगों में इंतजार की अब इंतहा हो रही थी। लेकिन, आखिरकार इंतजार की इंतहा खत्म हो गई। आसमान में पहले अधिकारियों के दल के पहले हेलीकाप्टर ने मंडराया तो चारो ओर शोर मच गया। जो जहां थे, वे वही से हेलीपैड की ओर दौड़ पड़े। मगर अफसोस हाथ लगी। कहा इसमे सरकार नही हैं। फिर थोड़ी देर में पीछे से एक और हेलीकाप्टर फिर आसमान में मंडराया तो लोग उनके झलक पाने को बेताब हो उठे।
- सरकार पहुंचे लोगों के द्वार
फिर वह समय भी जल्द आ गया, जब सरकार उनके द्वार आ पहुंचे। कुछ देखा तो सीएम नीतीश कुमार अधिकारियों से कुछ पूछ बैठे। मुस्कराते हुए पूछा गांव की सड़क हाल में ही बनाई गई है, सो चकाचक नजर आ रही है। जलजमाव से मुक्ती को लेकर सोख्ता भी उन्हें दिखा। लोगों के घरों की ओर निहारा तो पेयजल के लिए कई घरों में नल से जल देने को लेकर नल भी लगे नजर आए। पार्वती देवी के घर के सामने पहुंचते ही पार्वती ने मुख्यमंत्री नीतीश को फूल माला से स्वागत किया। कहा बड़ भाग्य से इहां अपने अइली। इस दौरान वे वासुदेव पासवान के घर पर पहुंचे। पूछा कि शौचालय बन गया है, नल लगा है कि नही। जबाब मिला कि सब कुछ बन गेल साहब। सीएम के दौरा से उक्त पंचायत की तस्वीर व तकदीर बदल गई। हर गली में जहां पक्की संड़क दिखाई दे रही थी। जबकि कई वर्षों से बिजली से दूर रहने वाले लोगों के घर दूधिया रौशनी दिखाई दे रही थी। चारों ओर खुशी का माहौल बना हुआ था। वहीं पटना से पहुंची अधिकारियों की टीम व शिवहर जिला के जिलाधिकारी राज कुमार, डीडीसी वारिश खान, एसपी पीएन मिश्र कार्यों से सीएम को अवगत करा रहे थे। सुरक्षा जवान हर पल हर स्थिति पर नजर जमाए हुए थे।
- बड़े-बड़े कटआउट व बैनर सीएम के आगमन की दे रहे थे सूचना
सुरगाही पंचायत के सीमा शुरू होते ही बड़े बड़े काट आउट व भव्य गेट सीएम के आगमन की सूचना दे रही थी। विधायक से लेकर जदयू नेताओं के लगे फ्लैक्स अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे थे। सीएम के स्वागत में लगे दर्जनों तोरण से पूरा सुरगाही गांव पट सा गया था। वहीं सूचना जनसंपर्क विभाग के द्वारा भी सात निश्चय ,दहेज व बाल विवाह तथा शराबबंदी से संबंधित बड़े फ्लैक्स लगाएं गए थे।