पेंटिग प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में दिखा उत्साह
शिवहर। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में जिले के तमाम थाना क्षेत्रों में पुलिस सप्ताह मनाया जा रहा है।
शिवहर। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में जिले के तमाम थाना क्षेत्रों में पुलिस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसमें जागरूकता विषयक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार राय के नेतृत्व में नगर थाना परिसर में पौधारोपण किया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि एसपी संतोष कुमार ने पौधे लगाए। वहीं पौधारोपण का उद्देश्य बताते हुए जिलावासियों का आह्वान किया कि हर आदमी एक पौधा जरुर लगाएं। ग्लोबल वार्मिंग की समस्या को लेकर यह आज की जरूरत है।
वहीं दूसरी ओर नगर थाना के ठीक सामने आदर्श मध्य विद्यालय में पेंटिग प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, ज्ञानालोक, विद्या भारती एवं आदर्श मध्य विद्यालय के करीब 150 छात्र/ छात्राओं ने हिस्सा लिया जिसका थीम जल जीवन हरियाली रखा गया था। पेंटिग को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार राय ने बताया कि बुधवार को पेंटिग प्रतियोगिता में अव्वल प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। मौके पर पूर्व जिप सदस्य इजहारूल हक, अजबलाल चौधरी, लोजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, विजय विकास, प्रेमशंकर पटेल सहित कई मुखिया, सरपंच, पुअनि बिदा प्रसाद, मनोरंजन कुमार सिंह, व अन्य गण्यमान्य मौजूद थे।
वहीं मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र में एसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। मौके पर डीएसपी मुख्यालय प्रभुनाथ राम सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पौधे लगाए। वहीं जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।