डीएम के निरीक्षण में गायब मिले प्रखंड कर्मी
बुधवार को डीएम अरशद अजीज एवं एसडीएम आफाक अहमद ने पिपराही प्रखंड का औचक निरीक्षण किया।
शिवहर। बुधवार को डीएम अरशद अजीज एवं एसडीएम आफाक अहमद ने पिपराही प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय लिपिक अमरेंद्र कुमार एवं परिचारी वीरेंद्र झा अनुपस्थित पाए गए। जबकि प्रभु राय हाजिरी बनाकर कार्यालय से गायब थे। निरीक्षण में प्रधान सहायक द्वारा आकस्मिक अवकाश पंजी का संधारण भी नहीं किया गया था। कार्यालय में व्याप्त इस तरह की लापरवाही देखते हुए डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। वहीं स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। तत्पश्चात प्रखंड कार्यालय में पीएम आवास योजना एवं शौचालय निर्माण के प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को लाभुकों के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। प्रखंड कार्यालय से निकलकर पदाधिकारी द्वय मध्य विद्यालय अंबा ओझा टोला पहुंचे। जहां एमडीएम में भारी घालमेल देखने को मिला। अनियमितता का आलम यह कि 270 बच्चों के लिए बनाई गई खिचड़ी में 16 किलो चावल के साथ महज 1 किलो दाल एवं कुछ कद्दू मिलाए गए थे। डीएम ने स्वयं मध्यान भोजन मंगाकर उसका निरीक्षण किया। वहीं काफी नाराजगी जताते हुए हैं। विद्यालय प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई। एमडीएम योजना पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया। उसके बाद मध्य विद्यालय रेजमा (नवीन) पहुंचे। यहां की हालत और भी खराब थी। विद्यालय में 322 बच्चों की हाजिरी बनाई गई थी जबकि उपस्थिति महज 58 बच्चों की पाई गई। पूछने पर रसोईया ने बताया कि 4 किलो चावल में ढाई सौ ग्राम दाल मिलाकर खिचड़ी बनाई गई हैं। डीएम एमडीएम की जमीनी सच्चाई देख हतप्रभ से लगे। वही विद्यालय प्रभारी नीलम देवी स्टॉक रजिस्टर भी नहीं दिखा सकी। डीएम ने काफी नाराजगी जताते हुए कहा कि एमडीएम में लूट हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निरीक्षण का क्रम जारी रहेगा। वहीं अब चेतावनी नहीं सीधे कार्रवाई की जाएगी।