शिवहर में वृद्ध किसान की पीट-पीटकर हत्या, श्रीपुर पुल के पास फेंका शव
Sheohar Farmer Murder: शिवहर के श्रीपुर गांव में आपसी विवाद के चलते एक वृद्ध किसान अच्छे लाल राय की पीट-पीटकर ...और पढ़ें

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Farmer Murder: नगर थाना क्षेत्र के माली पोखरभिंडा पंचायत अंतर्गत श्रीपुर गांव में आपसी विवाद में एक वृद्ध किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
वारदात के बाद शव को श्रीपुर पुल के पास फेंक दिया गया। सोमवार की शाम शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया और उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
पास से गुजर रहे लोगों की नजर पुल के पास पड़े शव पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद शव की पहचान श्रीपुर वार्ड सात निवासी चुल्हाई राय के पुत्र अच्छे लाल राय (60) के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने स्वजन और ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की।
नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मारपीट के दौरान हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। मामले की तहकीकात की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि मारपीट के दौरान अच्छे लाल राय की हत्या की गई है। स्वजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है और जांच के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
अच्छे लाल राय की हत्या के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है। अच्छे लाल राय खेती-किसानी करते थे और यही उनकी आजीविका का आधार था। बताया जा रहा है कि भूमि विवाद को लेकर उनकी हत्या की गई है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपितों की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
