स्वस्थ रहने को आहार के प्रति रहे जागरूक : डीडीसी
सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित जन सभागार में राष्ट्रीय पोषण मेला का आयोजन किया गया।
शिवहर। सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित जन सभागार में राष्ट्रीय पोषण मेला का आयोजन किया गया। आइसीडीएस के तत्वावधान में आयोजित मेला का उद्घाटन डीडीसी मो. वारिस खान एवं प्रखंड प्रमुख प्रमिला देवी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान डीडीसी ने बताया कि पोषण मेला आयोजित करने का उद्देश्य आम लोगों में जागरूकता लाना है। इसके तहत घर-घर जाकर लोगों को कुपोषण के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं इससे बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। कहा खासकर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार देना अत्यंत आवश्यक है। वहीं अपने आसपास साफ सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। कहा कि पोषणयुक्त आहार का सेवन करके ही स्वस्थ जीवन मिल सकता है। वहीं इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों पर भी काबू पाया जा सकता है। प्रस्तुत पोषण मेला में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जहां महिलाओं के खान-पान एवं अन्य सावधानियां की बाबत विस्तार से जानकारी दी गई ताकि महिलाओं एवं किशोरियों में होने वाली एनीमिया बीमारी की दर में कमी लाई जा सके। पोषण मेले में आंगनबाड़ी सेविकाओं के द्वारा केंद्र पर दिए जानेवाले पोषाहार मेनू की प्रदर्शनी भी देखने को मिली। वहीं सेविकाओं ने सुंदर एवं आकर्षक रंगोली बना पोषण का संदेश दिया। मौके पर बीडीओ राकेश कुमार सिंह, सीडीपीओ अर्चना कुमारी, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह, बीसी राजकुमार, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविकाएं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।